काशीपुर आईटीआई में CoE प्रशिक्षण बंद, युवा उक्रांद के केंद्रीय मीडिया प्रभारी आयुष रावत ने छात्रों के हित में खोला मोर्चा
काशीपुर। उत्तराखंड क्रांति दल (युवा प्रकोष्ठ) के केंद्रीय मीडिया प्रभारी आयुष रावत ने राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) काशीपुर के प्रधानाचार्य को ज्ञापन सौंपकर Schneider Electric Centre of Excellence (CoE) में संचालित Industrial Automation Specialist (IAS) एवं Building Automation Specialist (BAS) कोर्स का प्रशिक्षण तत्काल पुनः प्रारंभ कराने की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया है कि 1 जुलाई 2026 से बिना किसी पूर्व सूचना के CoE का प्रशिक्षण बंद कर दिया गया है। छात्रों को जानकारी दी गई कि Schneider Electric को उत्तराखंड सरकार से संचालन के नवीनीकरण/स्वीकृति प्राप्त न होने के कारण प्रशिक्षण अस्थायी रूप से स्थगित किया गया है। प्रारंभ में कुछ दिनों में प्रशिक्षण पुनः शुरू होने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक प्रशिक्षण शुरू नहीं हो सका है।
ज्ञापन के अनुसार, इस दौरान संस्थान के शिक्षकों द्वारा प्रशिक्षण देने का प्रयास किया गया, लेकिन औद्योगिक ऑटोमेशन जैसे तकनीकी एवं व्यावहारिक विषय में आवश्यक उद्योग अनुभव और आधुनिक उपकरणों के अभाव में प्रशिक्षण प्रभावी ढंग से संचालित नहीं हो पाया। इससे छात्रों का कोर्स अधूरा रह गया है और उनके प्लेसमेंट व रोजगार की संभावनाएं प्रभावित हो रही हैं।

युवा उक्रांद के केंद्रीय मीडिया प्रभारी आयुष रावत ने कहा कि अनेक छात्र घरों से दूर रहकर समय, मेहनत और आर्थिक संसाधन लगाकर यह प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। लंबे समय से प्रशिक्षण बंद रहने के कारण छात्र भविष्य को लेकर चिंतित हैं। उन्होंने CoE का प्रशिक्षण तत्काल पुनः शुरू कराने, लंबित नवीनीकरण प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने, प्रशिक्षण के नुकसान की भरपाई के लिए अतिरिक्त अवधि देने, प्लेसमेंट प्रभावित न होने देने तथा प्रशिक्षण शुरू होने की निश्चित तिथि घोषित करने की मांग की।
युवा उक्रांद काशीपुर महानगर अध्यक्ष जितेंद्र ठाकुर ने कहा कि यदि शीघ्र ही प्रशिक्षण पुनः प्रारंभ नहीं किया गया और छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ जारी रहा तो उत्तराखंड क्रांति दल छात्रों के साथ मिलकर लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
इस दौरान युवा उक्रांद काशीपुर महानगर महामंत्री सतेंद्र शर्मा, प्रदीप, चेतन , मनीष कांडपाल , मुकेश कुमार, कन्हैया यादव ,सौरभ रावत अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।