अल्मोड़ा में खौफनाक वारदात: हरियाणा से आए दामाद ने की ससुर की हत्या
अल्मोड़ा। उत्तराखंड के अल्मोड़ा जनपद से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। भनोली तहसील के सेली गांव में एक दामाद पर अपने ससुर की धारदार हथियार से हमला कर हत्या करने का आरोप लगा है। घटना के बाद आरोपी दामाद और उसकी पत्नी मौके से फरार बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार सेली गांव निवासी 42 वर्षीय चंद्रशेखर पांडे पुत्र नारायण दत्त पांडे शनिवार रात गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले। परिजनों और ग्रामीणों ने उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धौलादेवी पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए हल्द्वानी स्थित डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर कर दिया गया। उपचार के दौरान रविवार शाम उनकी मौत हो गई।
परिजनों के मुताबिक चंद्रशेखर पांडे ने अपनी बेटी की शादी इसी वर्ष अप्रैल माह में हरियाणा निवासी धर्मवीर के साथ की थी। आरोप है कि शनिवार को धर्मवीर अपनी पत्नी के साथ सेली गांव पहुंचा और किसी बात को लेकर हुए विवाद के बाद उसने अपने ससुर पर धारदार हथियार ‘पाटल’ से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
मृतक के परिजनों का कहना है कि हमले के दौरान चंद्रशेखर पांडे के शरीर पर एक दर्जन से अधिक वार किए गए। हाथ-पैर सहित शरीर के कई हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं, जबकि सिर पर भी गहरे घाव मिले। चिकित्सकों के अनुसार घायल की हालत बेहद गंभीर थी।
परिजनों ने यह भी आरोप लगाया है कि घटना के दौरान मृतक की पत्नी और अन्य बच्चों को कमरे में बंद कर दिया गया था। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी दामाद अपनी पत्नी के साथ मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। वहीं हल्द्वानी में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।