राहुल गांधी के देहरादून दौरे पर भाजपा महिला मोर्चा का प्रदर्शन, CMI चौक पर जताया विरोध
देहरादून: कांग्रेस नेता राहुल गांधी के देहरादून आगमन के दौरान भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा ने प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट के नेतृत्व में सीएमआई चौक पर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आई महिला मोर्चा की पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुईं।
महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां और पार्टी के झंडे लेकर कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान उन्होंने कांग्रेस पर महिला विरोधी मानसिकता का आरोप लगाते हुए नारी शक्ति वंदन अधिनियम का विरोध करने का मुद्दा उठाया।
प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट ने कहा कि केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को राजनीतिक भागीदारी का अवसर देने के लिए नारी शक्ति वंदन अधिनियम लागू किया, जबकि कांग्रेस ने इसका विरोध किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की मातृशक्ति महिला सम्मान और सशक्तिकरण के मुद्दे पर किसी भी तरह की राजनीति स्वीकार नहीं करेगी।
प्रदर्शन के दौरान जब महिला कार्यकर्ता आगे बढ़ने लगीं तो पुलिस ने सीएमआई चौक पर बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया। इसके बाद भी कार्यकर्ताओं ने वहीं शांतिपूर्ण तरीके से विरोध प्रदर्शन जारी रखा। बाद में पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर पुलिस वाहनों के माध्यम से वहां से हटाया।
इस प्रदर्शन में भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री हिमानी वैष्णव, राज्य मंत्री विनोद उनियाल, राज्य मंत्री मधु भट्ट सहित प्रदेश, जिला और मंडल स्तर की कई पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।