मुख्यमंत्री धामी ने नैनीताल में सुनी जनसमस्याएं, शेर नाला सेतु का किया लोकार्पण
हल्द्वानी (चोरगलिया)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नैनीताल जनपद के भ्रमण के दौरान राजकीय इंटर कॉलेज लाखनमंडी, चोरगलिया पहुंचकर क्षेत्रीय जनता और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात की तथा उनकी समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए और छोटी-छोटी समस्याओं के लिए लोगों को बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। इस दौरान मुख्यमंत्री ने हल्द्वानी-चोरगलिया-सितारगंज मार्ग पर शेर नाला में 993 लाख रुपये की लागत से निर्मित 120 मीटर स्पान डबल लेन आरसीसी कंक्रीट सेतु का लोकार्पण भी किया। मानसून के दौरान शेर नाला उफान पर आने से क्षेत्र में आवागमन बाधित होता था और स्थानीय लोगों को लंबा रास्ता तय करना पड़ता था। नए पुल के शुरू होने से क्षेत्रवासियों के साथ-साथ पर्यटकों को भी आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, लालकुआं विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी समेत विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।