उत्तराखंड के युवाओं को बड़ी सौगात, आज शुरू होगी ‘मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना-2026’
देहरादून। उत्तराखंड के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बड़ी सौगात मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज ‘मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना-2026’ का शुभारंभ करेंगे। योजना के तहत युवाओं को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग और गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रतिभा संसाधनों की मोहताज नहीं होनी चाहिए। खासकर पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बड़े शहरों का रुख न करना पड़े, इसी उद्देश्य से योजना शुरू की जा रही है।
इन प्रतियोगी परीक्षाओं की मिलेगी तैयारी
योजना के तहत UPSC, PCS/PSC, CDS, SSC, बैंकिंग, रेलवे, CAT, MAT, GATE, NET और CSIR-NET जैसी प्रमुख प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए ऑनलाइन मार्गदर्शन और अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी।
सरकार के मुताबिक योजना का लाभ राज्य के विश्वविद्यालयों तथा शासकीय एवं अशासकीय सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों को मिलेगा।
महंगी कोचिंग से मिलेगी राहत
सरकार का कहना है कि आर्थिक संसाधनों की कमी के कारण महंगी कोचिंग से वंचित रहने वाले विद्यार्थियों के लिए यह योजना महत्वपूर्ण साबित होगी। ऑनलाइन माध्यम से उन्हें घर बैठे विशेषज्ञ मार्गदर्शन और अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड का कोई भी युवा केवल इसलिए अपने सपनों से समझौता न करे कि वह दूरस्थ पहाड़ी क्षेत्र में रहता है या महंगी कोचिंग का खर्च नहीं उठा सकता।
सरकार का लक्ष्य है कि पहाड़ के युवाओं को घर बैठे अवसर, मार्गदर्शन और बेहतर संसाधन उपलब्ध कराए जाएं, ताकि वे प्रतियोगी परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन कर अपने करियर और भविष्य को नई दिशा दे सकें।