हरिद्वार: मृत श्रमिकों के नाम पर सरकारी सहायता लेने का प्रयास, तीन के खिलाफ मुकदमा
हरिद्वार में उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड से मृत श्रमिकों के नाम पर आर्थिक सहायता हासिल करने के प्रयास का मामला सामने आया है। विभागीय जांच में तीन ऐसे श्रमिकों के नाम से ऑनलाइन आवेदन किए जाने का खुलासा हुआ, जिनकी काफी समय पहले मृत्यु हो चुकी थी।
बोर्ड के अधिकारियों के अनुसार, मृत्यु के बाद आश्रितों को मिलने वाली आर्थिक सहायता के लिए मेहरबान शाह, नदीम और मेनपाल, निवासी लक्सर, हरिद्वार के नाम से ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हुए थे। जांच के दौरान तीनों श्रमिकों के पहले ही मृत होने की जानकारी सामने आई।
जांच में संबंधित ग्राम पंचायत के मृत्यु अभिलेखों में भी इन तीनों के नाम दर्ज नहीं मिले। इसके बाद विभाग ने आवेदनों और उनसे जुड़े दस्तावेजों की जांच की। विभाग के मुताबिक, कथित तौर पर फर्जी दस्तावेजों के जरिए सरकारी सहायता राशि हासिल करने का प्रयास किया गया।
उप श्रम आयुक्त विपिन कुमार के अनुसार, बोर्ड के सचिव की ओर से कथित आवेदकों के आश्रितों शहरून, अंजुम और बेबी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की आगे जांच कर रहे हैं।
बोर्ड के सचिव प्रकाश चंद्र दुम्का ने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में जांच के बाद नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और भविष्य में भी इस तरह के प्रकरणों पर नजर रखी जाएगी।