🚨 BREAKING NEWS
Advertisement

🎯 Advertise Here!

Click to partner with us and reach our growing Uttarakhand audience.

Homeउत्तराखंडडबल मर्डर केस का आरोपी पुलिस के हाथ आया,...

डबल मर्डर केस का आरोपी पुलिस के हाथ आया, जमानत रद्द होने के बाद से चल रहा था फरार

P
By Pahadnews24
August 25, 2026 • 1 min read
डबल मर्डर केस का आरोपी पुलिस के हाथ आया, जमानत रद्द होने के बाद से चल रहा था फरार
डबल मर्डर केस का आरोपी पुलिस के हाथ आया, जमानत रद्द होने के बाद से चल रहा था फरार (Photo: Pahad News)

देहरादून: डबल मर्डर केस में जमानत रद्द होने के बाद फरार चल रहे आरोपी शहबाज को देहरादून पुलिस ने सहारनपुर से गिरफ्तार कर लिया है। थाना क्लेमेंटटाउन पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी और मुखबिर की सूचना पर सहारनपुर में उसके संभावित ठिकाने पर कार्रवाई कर उसे दबोच लिया। पुलिस के मुताबिक शहबाज थाना नागल, सहारनपुर का हिस्ट्रीशीटर है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

 

पुलिस के अनुसार वर्ष 2023 में थाना क्लेमेंटटाउन क्षेत्र के टर्नर रोड स्थित एक बंद मकान से पति-पत्नी के सड़े-गले शव बरामद हुए थे। मकान से भारी दुर्गंध आने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया था। इस दोहरे हत्याकांड के मामले में पीड़ित मोहतसीम की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था और जांच के दौरान शहबाज को गिरफ्तार किया गया था।

 

बताया गया कि अप्रैल 2025 में शहबाज को नैनीताल हाईकोर्ट से कुछ शर्तों के साथ जमानत मिल गई थी। जमानत पर बाहर आने के बाद आरोपी पर सहारनपुर में रह रहे पीड़ित और गवाहों को धमकी देने के आरोप लगे। इसके अलावा धोखाधड़ी से जमीन बेचने समेत अन्य मामलों में भी उसके खिलाफ थाना नागल, सहारनपुर में मुकदमे दर्ज हुए।

 

लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्तता के चलते आरोपी को अगस्त 2025 में अपर जिला मजिस्ट्रेट, सहारनपुर के आदेश पर छह महीने के लिए जिला बदर भी किया गया था। बाद में नैनीताल हाईकोर्ट ने सुनवाई के दौरान शहबाज की जमानत निरस्त कर उसे संबंधित न्यायालय में सरेंडर करने के निर्देश दिए थे। हालांकि, आरोपी ने सरेंडर नहीं किया और लगातार फरार चल रहा था।

थाना क्लेमेंटटाउन प्रभारी मोहन सिंह ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई थी। टीम ने उसके संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाते हुए लगातार तलाश की। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि शहबाज सहारनपुर में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम सहारनपुर पहुंची और दबिश देकर शहबाज पुत्र शहजाद को गिरफ्तार कर लिया।

हल्द्वानी में अवैध तमंचे के साथ युवक गिरफ्तार

वहीं, हल्द्वानी में पुलिस ने उपकारागार के बाहर चेकिंग के दौरान एक व्यक्ति को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक संदिग्ध वाहन की तलाशी लेने पर वरना कार संख्या UK06R-8499 से 315 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।

 

पुलिस ने वाहन में मौजूद 32 वर्षीय जतिन्द्र सिंह पुत्र सरदार बलविन्दर सिंह, निवासी ग्राम गजरौला जोगीपुरा, थाना बाजपुर, ऊधमसिंहनगर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। घटना में इस्तेमाल वरना कार को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।

 

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक जिले में अवैध हथियारों की तस्करी और उनके इस्तेमाल पर रोक लगाने के लिए लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाई गई है।


 

उत्तराखंड UTTARAKHAND