पुलिस से बचकर भाग रही स्कॉर्पियो ने तीन वाहनों को मारी टक्कर, महिला घायल; पांच पर्यटक हिरासत में
नैनीताल: कैंची धाम के निकट शनिवार को पुलिस से बचकर भाग रही एक स्कॉर्पियो ने तीन वाहनों को टक्कर मार दी, जिससे एक महिला घायल हो गई। हादसे के बाद वाहन अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से टकरा गया और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस ने वाहन में सवार पांचों पर्यटकों को हिरासत में लेकर मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, कैंची धाम के समीप स्थित एक होमस्टे में कुछ युवकों द्वारा संचालक के साथ कथित रूप से मारपीट की गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपी स्कॉर्पियो (UP32 AR 0095) में सवार होकर फरार होने लगे। पुलिस द्वारा पीछा किए जाने के दौरान स्कॉर्पियो ने तीन वाहनों को टक्कर मार दी और अंततः बिजली के पोल से जा टकराई।
हादसे में एक कार में सवार महिला घायल हो गई। पुलिस ने सभी युवकों को पकड़कर चौकी लाया और मेडिकल परीक्षण के लिए भवाली सीएचसी भेजा। पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। दुर्घटना में शामिल स्कॉर्पियो को सीज कर दिया गया है।