🚨 BREAKING NEWS
Advertisement

🎯 Advertise Here!

Click to partner with us and reach our growing Uttarakhand audience.

Homeउत्तराखंडउत्तराखंड में ईद मिलाद-उल-नबी पर उमड़ा म...

उत्तराखंड में ईद मिलाद-उल-नबी पर उमड़ा मुस्लिम समाज, कुमाऊं से गढ़वाल तक निकले जुलूस

P
By Pahadnews24
August 26, 2026 • 1 min read
उत्तराखंड में ईद मिलाद-उल-नबी पर उमड़ा मुस्लिम समाज, कुमाऊं से गढ़वाल तक निकले जुलूस
उत्तराखंड में ईद मिलाद-उल-नबी पर उमड़ा मुस्लिम समाज, कुमाऊं से गढ़वाल तक निकले जुलूस (Photo: Pahad News)

देहरादून। उत्तराखंड में ईद मिलाद-उल-नबी के मुबारक मौके पर मुस्लिम समाज ने अकीदत और उत्साह के साथ जुलूस निकाले। कुमाऊं से लेकर गढ़वाल तक विभिन्न शहरों में बड़ी संख्या में अकीदतमंद जुलूस में शामिल हुए। इस दौरान लोगों ने मुल्क और प्रदेश में अमन-शांति, खुशहाली और तरक्की की दुआ की। पर्व को लेकर पुलिस-प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।

 

खटीमा में निकला भव्य जुलूस

खटीमा में ईद मिलाद-उल-नबी के अवसर पर जुलूसे मोहम्मदी निकाला गया। इससे पहले जामा मस्जिद, भूड़ महोलिया, सितारगंज रोड, टनकपुर मार्ग और गौटिया जाने वाले मुख्य गेट पर आकर्षक सजावट की गई। बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग इस्लामनगर स्थित नूरी मस्जिद में एकत्र हुए, जहां से जुलूस शुरू हुआ।

जुलूस इस्लामनगर और गौटिया से होते हुए नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरकर जामा मस्जिद पहुंचा। मुख्य चौक पर मुस्लिम उलेमाओं ने तकरीर की। मौलाना इरफानुल हक कादरी ने लोगों से पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के बताए अमन और शांति के रास्ते पर चलने की अपील की। इस दौरान देश और प्रदेश में शांति की दुआ की गई।

जुलूस के दौरान अकीदतमंदों में खासा उत्साह दिखाई दिया। विभिन्न स्थानों पर लोगों ने जुलूस का स्वागत किया और ठंडे पानी व खीर का वितरण किया। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुलिस बल भी पूरे जुलूस के दौरान तैनात रहा।


 

रामनगर में भी हजारों लोग हुए शामिल

रामनगर में भी जश्ने ईद मिलाद-उल-नबी के मौके पर जुलूसे मोहम्मदी निकाला गया। बुधवार सुबह नज्जारान मस्जिद भवानीगंज से शुरू हुआ जुलूस मोहल्ला गुलरघट्टी, बंबाघेर, रानीखेत रोड, खताड़ी और मुख्य बाजार से होते हुए जामा मस्जिद पहुंचकर संपन्न हुआ।

जामा मस्जिद में शहर पेश इमाम मुफ्ती गुलाम मुस्तफा नईमी ने लोगों से हजरत मोहम्मद साहब के बताए रास्ते पर चलने और समाज व देश की तरक्की के लिए दुआ करने की अपील की। इससे पहले मुस्लिम बाहुल्य इलाकों में गलियों और सड़कों को फूलों तथा बिजली की रोशनी से सजाया गया था।

 

काशीपुर में बच्चे-बुजुर्ग भी जुलूस में शामिल

काशीपुर में भी जुलूसे मोहम्मदी निकाला गया। जुलूस में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहा। प्रशासन की ओर से जुलूस के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विशेष नजर रखी गई।

 

श्रीनगर में ईद मिलाद-उल-नबी पर रक्तदान शिविर

श्रीनगर गढ़वाल में ईद मिलाद-उल-नबी और रक्षाबंधन के अवसर पर समस्त मुस्लिम समाज की ओर से जामा मस्जिद परिसर में तीसरा विशाल रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग रक्तदान के लिए पहुंचे। युवाओं के साथ अन्य लोगों ने भी उत्साहपूर्वक रक्तदान किया।

 

आयोजकों के मुताबिक, इससे पहले आयोजित दो रक्तदान शिविरों में क्रमश: 102 और 88 यूनिट रक्त एकत्रित कर ब्लड बैंक श्रीनगर को उपलब्ध कराया गया था। आयोजकों ने कहा कि रक्तदान जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवन बचाने में अहम भूमिका निभाता है और लोगों को नियमित रूप से रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए।


 

उत्तराखंड UTTARAKHAND