भीषण वनाग्नि देख भड़के गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी, वन विभाग के अधिकारियों के कसे पेंच
पौड़ी। उत्तराखंड में लगातार बढ़ रही गर्मी के बीच जंगलों में आग की घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। इसी बीच पौड़ी–सतपुली मार्ग पर भीषण वनाग्नि का दृश्य देखकर गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी बीच रास्ते में ही रुक गए और वन विभाग के अधिकारियों को तत्काल फोन कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बताया जा रहा है कि दिशा समिति की बैठक समाप्त होने के बाद सांसद पौड़ी से कोटद्वार लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में जंगल धधकते दिखाई दिए। कई स्थानों पर आग ने विकराल रूप ले लिया था और लपटें सड़क तक पहुंच गई थीं, जिससे जनजीवन और पर्यावरण दोनों के लिए खतरा पैदा हो गया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सांसद अनिल बलूनी ने तुरंत वन विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों से संपर्क कर आग पर शीघ्र नियंत्रण पाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की वन संपदा राज्य की अमूल्य धरोहर है। जंगल केवल प्राकृतिक पहचान ही नहीं, बल्कि पहाड़ के जीवन, जल स्रोतों, जैव विविधता और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य का आधार भी हैं।
उन्होंने कहा कि लगातार हो रही वनाग्नि की घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं और इससे बहुमूल्य वन संपदा के साथ-साथ वन्य जीवों को भी भारी नुकसान पहुंच रहा है। सांसद ने लोगों से भी अपील की कि जंगलों को आग से बचाने के लिए सभी नागरिक जिम्मेदारी निभाएं और किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचें।
वहीं डीएफओ सिविल सोयम पवन नेगी ने बताया कि जिन क्षेत्रों से आग लगने की सूचना मिल रही है, वहां विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का कार्य कर रही हैं। इसके लिए फायर वॉचरों की भी नियुक्ति की गई है।