हल्दूचौड़ गौला रोड की बदहाली: गड्ढों में तब्दील हुई सड़क, जनता त्रस्त और नेता मस्त!
हल्दूचौड़। क्षेत्र की महत्वपूर्ण हल्दूचौड़-गौला रोड इन दिनों बदहाली की मार झेल रही है। सड़क पर जगह-जगह बने बड़े-बड़े गड्ढों के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति इतनी खराब है कि यह मार्ग सड़क से ज्यादा गड्ढों का जाल नजर आता है और लोगों को हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, इस सड़क का निर्माण करीब 15 वर्ष पहले तत्कालीन कैबिनेट मंत्री हरीश चंद्र दुर्गापाल के कार्यकाल में कराया गया था। गौला क्षेत्र से उपखनिज ढोने वाले भारी वाहनों की लगातार आवाजाही के चलते सड़क पर दबाव बढ़ा और समय के साथ इसकी हालत खराब होती चली गई। दर्जनों गांवों को जोड़ने वाले इस मार्ग से रोजाना बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं।
सड़क की बदहाली को लेकर स्थानीय लोगों में जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के प्रति नाराजगी है। लोगों का सवाल है कि जब पिछले कई वर्षों से सड़क जर्जर हालत में है, तो समय रहते इसकी मरम्मत या पुनर्निर्माण क्यों नहीं कराया गया?
स्थानीय लोगों का आरोप है कि बरसात के मौसम में शिलान्यास और उद्घाटन की कवायद तो नजर आती है, लेकिन सड़क की वास्तविक समस्या का स्थायी समाधान अब तक नहीं हुआ।
जनता का कहना है कि विकास के दावों के बीच सड़क की जमीनी स्थिति तस्वीर साफ कर रही है। लोगों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से सड़क का जल्द पुनर्निर्माण कराने की मांग की है, ताकि किसी बड़े हादसे से पहले समस्या का समाधान हो सके।