जवाहर नगर हत्याकांड का 12 घंटे में खुलासा, नामजद आरोपी गिरफ्तार; दुपट्टा बरामद
हल्द्वानी: कोतवाली बनभूलपुरा क्षेत्र के जवाहर नगर में हुई हत्या का नैनीताल पुलिस ने 12 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने मामले में नामजद आरोपी निक्की उर्फ नाटी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किया गया दुपट्टा भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 16 सितंबर 2026 को स्थानीय पार्षद ने जवाहर नगर क्षेत्र में एक व्यक्ति के अचेत अवस्था में पड़े होने की सूचना कोतवाली बनभूलपुरा पुलिस को दी थी। मौके पर पहुंची पुलिस को एक व्यक्ति बरामदे में मृत अवस्था में मिला। मृतक की पहचान अमन ठाकुर (29) पुत्र भोले ठाकुर, निवासी गढ़मुक्तेश्वर, हापुड़ (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक अमन पिछले करीब चार-पांच वर्षों से इसी मकान में रह रहा था।
फॉरेंसिक टीम के निरीक्षण के दौरान मृतक के गले पर यू-आकार का निशान मिला, जिसके बाद पुलिस ने मौत को संदिग्ध मानते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी भेजा।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और सुरागरसी-पतारसी के आधार पर संदिग्ध की तलाश शुरू की। पुलिस के अनुसार, नामजद आरोपी निक्की उर्फ नाटी (32) को 17 सितंबर को रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म से नीचे गौला नदी किनारे हजारा की एक खाली पड़ी झोपड़ी से गिरफ्तार किया गया। आरोपी की निशानदेही पर उसके कार्यस्थल मस्ता टेंट हाउस, जवाहर नगर से घटना में प्रयुक्त दुपट्टा बरामद किया गया।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अमन को पसंद नहीं करता था और उसे अपनी पत्नी के साथ अमन के संबंध होने का शक था। इसी बात को लेकर आरोपी का पत्नी और अमन से विवाद होता था। पुलिस के अनुसार, 15 सितंबर को आरोपी ने अपनी साली को फोन कर अमन अथवा अपनी पत्नी को जान से मारने की धमकी भी दी थी।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान निक्की उर्फ नाटी पुत्र राजेंद्र वाल्मीकि, निवासी वार्ड नंबर 14, जवाहर नगर, बनभूलपुरा, उम्र 32 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी के खिलाफ वर्ष 2025 में आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत बनभूलपुरा थाने में एक मुकदमा भी दर्ज है।