हल्द्वानी में आपत्तिजनक वीडियो के विरोध में सिख समाज का प्रदर्शन, निष्पक्ष जांच की मांग
हल्द्वानी। सोशल मीडिया पर प्रसारित एक कथित आपत्तिजनक वीडियो को लेकर सिख समाज में नाराजगी देखने को मिली। शुक्रवार को सिख समाज के प्रतिनिधियों ने कोतवाली पहुंचकर लिखित तहरीर सौंपते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।
प्रतिनिधियों का आरोप है कि अनिल मैखुरी नामक युवक द्वारा सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक वीडियो में सिख समुदाय के संबंध में आपत्तिजनक और अपमानजनक टिप्पणियां की गई हैं, जिससे समुदाय की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। वीडियो के सामने आने के बाद बड़ी संख्या में समाज के लोग कोतवाली पहुंचे और अपना विरोध दर्ज कराया।
सौंपी गई तहरीर पर गुरप्रीत सिंह प्रिन्स, परमजीत सिंह पम्मा, मनप्रीत सेठी, इंदरपाल सिंह, बनप्रीत नागपाल, बलवीर सिंह, गुरजीत कोहली, इंदरजीत सिंह, अमनपाल पिंडी, जसप्रीत चड्ढा, हरप्रीत नागपाल, पवन नागपाल, गुरविंदर भसीन, तरनप्रीत बिन्द्रा, बलविंदर धवन और जसमीत छाबड़ा समेत कई लोगों के हस्ताक्षर हैं।
सिख समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि उनका समुदाय हमेशा भाईचारे, सामाजिक सौहार्द और आपसी सम्मान की भावना को बढ़ावा देता आया है, लेकिन किसी भी धर्म या समुदाय के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी स्वीकार नहीं की जा सकती। उन्होंने प्रशासन से मामले की गंभीरता को देखते हुए निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की।
इस दौरान स्थानीय युवाओं और सामाजिक संगठनों ने भी लोगों से सोशल मीडिया पर भड़काऊ या अपुष्ट सामग्री साझा करने से बचने की अपील की। उनका कहना है कि ऐसी सामग्री सामाजिक तनाव को बढ़ावा दे सकती है। पुलिस ने तहरीर प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सिख समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी प्रकार का विवाद उत्पन्न करना नहीं, बल्कि कानून के दायरे में रहकर न्याय की मांग करना और सामाजिक सौहार्द बनाए रखना है।