अवैध खनन के खिलाफ मुखर रहे SDO राजीव नयन निलंबित, विभागीय कार्रवाई से चर्चाओं का दौर
देहरादून। चकराता और कालसी क्षेत्र में कथित अवैध खनन के मामलों को लेकर लगातार सुर्खियों में रहे वन विभाग के उप प्रभागीय वनाधिकारी (SDO) राजीव नयन को शासन ने निलंबित कर दिया है। निलंबन के बाद उन्हें मुख्य वन संरक्षक, पौड़ी कार्यालय से संबद्ध किया गया है।
शासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार, राजीव नयन पर वन मंत्री के बहुउद्देशीय शिविर में अनुपस्थित रहने, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना करने तथा विभागीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरतने के आरोप लगाए गए हैं। इससे पहले उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था, लेकिन उनके जवाब को संतोषजनक नहीं माना गया।
राजीव नयन पिछले कुछ समय से चकराता और कालसी क्षेत्र में कथित अवैध खनन के मुद्दे को सार्वजनिक रूप से उठाते रहे थे। उनके आरोपों के बाद जिला प्रशासन ने भी मामले की जांच के आदेश दिए थे। हालांकि जांच पूरी होने से पहले ही उनके निलंबन की कार्रवाई होने से इस घटनाक्रम को लेकर विभिन्न तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
बताया जा रहा है कि प्रमुख वन संरक्षक (हॉफ) ने सेवानिवृत्ति से ठीक पहले राजीव नयन से संबंधित विभागीय पत्रावलियां शासन को भेजी थीं, जिसके आधार पर निलंबन का आदेश जारी किया गया। इससे पहले अवैध खनन को लेकर राजीव नयन का कुछ लोगों के साथ विवाद और उनके साथ कथित मारपीट की घटना भी चर्चा में रही थी।
फिलहाल राजीव नयन का पक्ष सामने नहीं आ सका है, क्योंकि उनसे संपर्क नहीं हो पाया। वहीं, अवैध खनन से जुड़े मामले की जांच और विभागीय कार्रवाई दोनों पर सभी की नजर बनी हुई है