कैंची धाम में शांत शिप्रा नदी ने लिया रौद्र रूप, उफान से बढ़ी चिंता
कैंची धाम। उत्तराखंड के प्रसिद्ध कैंची धाम में अमूमन शांत बहने वाली शिप्रा नदी लगातार बारिश के बाद उफान पर आ गई। नदी का तेज बहाव और मटमैला पानी देखकर स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं को नदी का बदला हुआ स्वरूप हैरान कर गया।
भवाली से निकलकर गरमपानी-खैरना के पास कोसी नदी में मिलने वाली शिप्रा नदी में बीती रात से जारी लगातार बारिश के कारण अचानक पानी का प्रवाह बढ़ गया। तेज बहाव के साथ नदी का पानी मटमैला हो गया और नदी अपने सामान्य स्वरूप से काफी अलग नजर आई।
मंगलवार होने के बावजूद श्रद्धालुओं की संख्या कम रही, जिसके चलते मंदिर के सामने का क्षेत्र भी अपेक्षाकृत खाली दिखाई दिया। हालांकि, मंदिर की सुरक्षा दीवार और पुल के मजबूत खंभों के चलते फिलहाल मंदिर को किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं है।
बारिश के बीच कैंची धाम मंदिर में पूजा-अर्चना अन्य दिनों की तरह जारी रही। वहीं, शिप्रा नदी के बढ़े जलस्तर को देखते हुए आसपास के लोगों और श्रद्धालुओं से नदी के किनारे जाने में सावधानी बरतने की अपील की गई है।