पत्थर-मलबे से घिरे आशियाने, कांडेकन्याल में पांच परिवारों के घर खतरे में
कांडा: लगातार हो रही बारिश के चलते कांडा तहसील के कांडेकन्याल गांव में भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। पहाड़ी से पानी के साथ मलबा और बड़े पत्थर गिरने तथा घरों के आसपास जमीन धंसने से पांच परिवारों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। कई घरों में पानी और कीचड़ घुसने से जरूरी सामान खराब हो गया है।
ग्रामीणों के अनुसार बारिश तेज होते ही पहाड़ी से मलबा और पत्थर घरों की ओर आने लगते हैं। घरों के आसपास पानी जमा होने और जमीन धंसने से मकानों की नींव को भी खतरा पैदा हो गया है। रात के समय स्थिति और भयावह हो जाती है। बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर परिवारों को पूरी रात दहशत में गुजारनी पड़ रही है।
ग्रामीण पार्वती देवी ने बताया कि भूस्खलन के डर के बीच रात गुजारना मुश्किल हो गया है। रसोई में पानी घुसने से सामान खराब हो गया है और घर के आसपास के रास्ते भी बदहाल हो गए हैं।
सीमा देवी ने बताया कि बारिश के कारण घरों के आसपास जमीन धंस गई है और अचानक मलबा आने का खतरा बना हुआ है। वहीं बबीता देवी के अनुसार घर के अंदर कीचड़ भरने से जरूरी सामान खराब हो गया है।
भावना देवी ने बताया कि घर के आसपास भूस्खलन की स्थिति बनी हुई है और घर से कुछ ही दूरी पर पत्थर गिरने का खतरा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल मौके का निरीक्षण कराने, पानी की निकासी की व्यवस्था करने और खतरे की जद में आए परिवारों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की मांग की है।
एसडीएम गरुड़ वैभव कांडपाल ने कहा कि भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र में टीम भेजी जाएगी। मानकों के अनुसार मौके पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
लगातार बारिश के बीच ग्रामीणों ने प्रशासन से खतरे का तत्काल आकलन कर सुरक्षात्मक कदम उठाने की मांग की है, ताकि किसी अप्रिय घटना से पहले प्रभावित परिवारों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।