🚨 BREAKING NEWS
Advertisement
Advertise with us
Homeउत्तराखंडराजेंद्र कंडारी हत्याकांड में 40 दिन बाद...

राजेंद्र कंडारी हत्याकांड में 40 दिन बाद पहली गिरफ्तारी, एक आरोपी पुलिस रिमांड पर

P
By Pahadnews24
July 1, 2026 • 1 min read
राजेंद्र कंडारी हत्याकांड में 40 दिन बाद पहली गिरफ्तारी, एक आरोपी पुलिस रिमांड पर
राजेंद्र कंडारी हत्याकांड में 40 दिन बाद पहली गिरफ्तारी, एक आरोपी पुलिस रिमांड पर (Photo: Pahad News)

गैरसैंण: चमोली जिले के गैरसैंण क्षेत्र में चर्चित राजेंद्र सिंह कंडारी हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। घटना के 40 दिन बाद पुलिस ने एक संदिग्ध आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे 14 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।

गैरसैंण थानाध्यक्ष एवं जांच अधिकारी मनोज सिरोला ने बताया कि प्रारंभिक जांच और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर देवपुरी गांव निवासी 44 वर्षीय देवेंद्र कंडारी को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) (हत्या) और धारा 238 (साक्ष्य छिपाने) के तहत गिरफ्तार किया गया है।

आरोपी को मंगलवार को सिविल जज (जूनियर डिवीजन)/न्यायिक मजिस्ट्रेट गैरसैंण की अदालत में पेश किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए न्यायालय ने आरोपी को 14 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजने के आदेश दिए।

गौरतलब है कि देवपुरी गांव निवासी राजेंद्र सिंह कंडारी 18 मई को घर से निकलने के बाद लापता हो गए थे। 23 मई को उनका शव घर के पास एक गदेरे में मिला था। शव के हाथ-पैर बंधे हुए थे और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर एवं गर्दन पर चोट के निशान पाए गए थे। इसके बाद पुलिस ने गुमशुदगी के मामले को हत्या में तब्दील करते हुए जांच शुरू की थी।

मामले में लंबे समय तक गिरफ्तारी नहीं होने से खनसर घाटी की 21 ग्राम पंचायतों के जनप्रतिनिधियों ने 1 जुलाई से सामूहिक धरना और भूख हड़ताल का ऐलान किया था। इसी बीच पुलिस ने जनप्रतिनिधियों को जांच की प्रगति से अवगत कराते हुए आरोपी की गिरफ्तारी की जानकारी दी, जिसके बाद प्रस्तावित आंदोलन वापस ले लिया गया।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और हत्या के पीछे के कारणों सहित अन्य पहलुओं की भी गहनता से पड़ताल की जा रही है।


 

उत्तराखंड UTTARAKHAND