रुद्रपुर में बड़ा औद्योगिक हादसा: फैक्ट्री में श्रमिक की आंख में गिरा एसिड, इलाज में लापरवाही पर बवाल
रुद्रपुर। भूरारानी रोड स्थित एक फैक्ट्री में सोमवार देर रात हुए गंभीर औद्योगिक हादसे ने हड़कंप मचा दिया। नाइट शिफ्ट में काम कर रहे एक श्रमिक की आंख में तेजाब गिरने से वह बुरी तरह घायल हो गया। घटना के बाद फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई और श्रमिकों में आक्रोश फैल गया।
मिली जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री में बैटरी निर्माण का कार्य चल रहा था। इसी दौरान अचानक बिजली चली गई और तेज हवा के दबाव से एसिड उछलकर एक श्रमिक की आंख में जा गिरा। हादसा इतना भयावह था कि श्रमिक की आंख गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गई।
घटना के तुरंत बाद सहकर्मियों ने घायल को इलाज दिलाने के लिए सुपरवाइजर से मदद मांगी, लेकिन आरोप है कि प्रबंधन की ओर से तत्काल कोई व्यवस्था नहीं की गई। इससे नाराज श्रमिकों ने फैक्ट्री परिसर में जमकर हंगामा किया और प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए धरने पर बैठ गए।
आरोप है कि लंबे समय तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने पर श्रमिकों ने आपस में चंदा इकट्ठा कर घायल को बरेली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। श्रमिकों का कहना है कि फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही है और बिना जरूरी सुरक्षा उपकरणों के काम कराया जाता है। विरोध करने पर नौकरी से निकालने की धमकी दी जाती है।
मामला सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद फैक्ट्री प्रबंधन हरकत में आया और घायल के इलाज का खर्च उठाने की बात कही है। हालांकि, इस घटना ने फैक्ट्री की सुरक्षा व्यवस्था और प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।