सितारगंज में STF-वन विभाग की बड़ी कार्रवाई: 1.5 करोड़ का हाथी दांत बरामद, 2 तस्कर गिरफ्तार
उधम सिंह नगर | सितारगंज
उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के सितारगंज क्षेत्र में वन विभाग और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने वन्यजीव तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को हाथी दांत के साथ गिरफ्तार किया है। यह ऑपरेशन शक्तिफार्म के पास गुप्त सूचना के आधार पर चलाया गया।
टीम ने आरोपियों के कब्जे से करीब 3 फीट 3 इंच लंबा और 7.82 किलोग्राम वजनी हाथी दांत बरामद किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 1.5 करोड़ रुपये आंकी जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मृत्युंजय हालदार और मानिक मंडल के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
अधिकारियों के मुताबिक, यह कार्रवाई लंबे समय से चल रही निगरानी और खुफिया इनपुट के आधार पर की गई। फिलहाल, यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि यह तस्करी गिरोह कितना बड़ा है और इसके पीछे किन-किन लोगों का हाथ है।
पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।