UKD युवा प्रकोष्ठ के केंद्रीय उपाध्यक्ष कुलदीप रावत ने दिया इस्तीफा, समर्थन में कई युवा पदाधिकारियों ने भी छोड़े पद
देहरादून। उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) युवा प्रकोष्ठ के केंद्रीय उपाध्यक्ष कुलदीप रावत ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपने इस्तीफे में व्यक्तिगत व संगठनात्मक कारणों का हवाला देते हुए पद की जिम्मेदारियों से मुक्त किए जाने का अनुरोध किया है। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया है कि उनका इस्तीफा केवल पद से है और वह संगठन के सक्रिय सदस्य एवं कार्यकर्ता बने रहेंगे।
कुलदीप रावत के इस्तीफे के बाद संगठन में हलचल तेज हो गई है। उनके समर्थन में कई युवा पदाधिकारियों ने भी अपने-अपने पदों से इस्तीफा देना शुरू कर दिया है। सूत्रों के अनुसार, युवा प्रकोष्ठ के कुछ अन्य पदाधिकारी भी जल्द अपने पद छोड़ सकते हैं, जिससे संगठन के भीतर असंतोष की चर्चाएं तेज हो गई हैं।
गौरतलब है कि इससे कुछ दिन पूर्व ही केंद्रीय उपाध्यक्ष आशुतोष नेगी को भी संगठन द्वारा उनके पद से मुक्त कर दिया गया था। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि जिन युवा नेताओं के नेतृत्व में संगठन में नई ऊर्जा, सक्रियता और युवाओं की भागीदारी बढ़ी थी, उन्हीं चेहरों का लगातार संगठन के प्रमुख पदों से किनारा होना यूकेडी के लिए चिंताजनक संकेत माना जा रहा है।
सूत्रों के हवाले से यह भी जानकारी सामने आ रही है कि इस घटनाक्रम से संगठन के कई युवा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में नाराजगी है।
चर्चाएं हैं कि आने वाले दिनों में कुछ और युवा पदाधिकारी भी अपने पदों से इस्तीफा दे सकते हैं या संगठन से दूरी बना सकते हैं। यदि ऐसा होता है तो उत्तराखंड क्रांति दल के युवा प्रकोष्ठ में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।
हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम पर उत्तराखंड क्रांति दल की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। राजनीतिक गलियारों में इस घटनाक्रम को यूकेडी के लिए एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम के रूप में देखा जा रहा है। आने वाले दिनों में संगठन का रुख और संभावित इस्तीफे इस पूरे मामले की दिशा तय करेंगे।