🚨 BREAKING NEWS
Advertisement
Advertise with us
Homeउत्तराखंडUKPSC परीक्षाओं को लेकर नैनीताल पुलिस अल...

UKPSC परीक्षाओं को लेकर नैनीताल पुलिस अलर्ट, 16 केंद्रों पर 7 हजार से अधिक अभ्यर्थियों के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम

P
By Pahadnews24
July 18, 2026 • 1 min read
UKPSC परीक्षाओं को लेकर नैनीताल पुलिस अलर्ट, 16 केंद्रों पर 7 हजार से अधिक अभ्यर्थियों के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम
UKPSC परीक्षाओं को लेकर नैनीताल पुलिस अलर्ट, 16 केंद्रों पर 7 हजार से अधिक अभ्यर्थियों के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम (Photo: Pahad News)

नैनीताल: उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) द्वारा 18 और 19 जुलाई 2026 को आयोजित होने वाली विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए नैनीताल पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की है। जनपद के 16 परीक्षा केंद्रों पर 7,000 से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।

 

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल ने कोतवाली के मीटिंग हॉल में परीक्षा ड्यूटी में तैनात जोनल, सेक्टर और पुलिस अधिकारियों की ब्रीफिंग कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

 

18 जुलाई को प्रवक्ता संवर्ग (समूह-ग) नागरिक शास्त्र की परीक्षा हल्द्वानी, मुखानी और लालकुआं के 10 केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित होगी, जिसमें 3,997 अभ्यर्थी शामिल होंगे। वहीं 19 जुलाई को उत्तराखंड उच्च न्यायालय नैनीताल अधिष्ठान में सहायक समीक्षा अधिकारी, टाइपिस्ट सहित विभिन्न पदों की परीक्षा हल्द्वानी, काठगोदाम और मुखानी के 6 केंद्रों पर आयोजित होगी, जिसमें 3,016 अभ्यर्थी शामिल होंगे।

 

परीक्षाओं के दौरान सभी केंद्रों पर जोनल और सेक्टर पुलिस अधिकारियों की तैनाती की गई है। प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की सघन जांच की जाएगी तथा मेटल डिटेक्टर, सीसीटीवी कैमरे और जैमर का उपयोग किया जाएगा। किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण या प्रतिबंधित सामग्री को परीक्षा केंद्र में ले जाने की अनुमति नहीं होगी।

पुलिस ने परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में इंटरनेट कैफे, फोटोकॉपी की दुकानों और अन्य संबंधित प्रतिष्ठानों को परीक्षा अवधि के दौरान बंद रखने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा होटल, ढाबों, लॉज और होम-स्टे की भी सघन जांच की जाएगी।

 

धांधली रोकने के लिए पुलिसकर्मियों को विशेष पेनटॉर्च उपलब्ध कराई गई हैं, जिनकी मदद से ब्लूटूथ और सूक्ष्म ईयर डिवाइस जैसे हाई-टेक उपकरणों की जांच की जाएगी। साथ ही साइबर सेल, एसओजी और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम पेपर लीक संबंधी अफवाहों और संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखेंगी।

 

पूरी परीक्षा प्रक्रिया की रियल-टाइम मॉनिटरिंग कंट्रोल रूम से की जाएगी, जबकि जोनल अधिकारी, सेक्टर अधिकारी और डायल-112 की टीमें लगातार क्षेत्र में गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेंगी।


 

उत्तराखंड UTTARAKHAND