🚨 BREAKING NEWS
Advertisement

🎯 Advertise Here!

Click to partner with us and reach our growing Uttarakhand audience.

Homeउत्तराखंडउत्तराखंड आयुर्वेद यूनिवर्सिटी में फिर ह...

उत्तराखंड आयुर्वेद यूनिवर्सिटी में फिर हंगामा, पानी की टंकी पर चढ़े 4 छात्र

P
By Pahadnews24
September 4, 2026 • 1 min read
उत्तराखंड आयुर्वेद यूनिवर्सिटी में फिर हंगामा, पानी की टंकी पर चढ़े 4 छात्र
उत्तराखंड आयुर्वेद यूनिवर्सिटी में फिर हंगामा, पानी की टंकी पर चढ़े 4 छात्र (Photo: Pahad News)

डोईवाला। उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय, हर्रावाला देहरादून में छात्रों का विरोध प्रदर्शन एक बार फिर उग्र हो गया। बुधवार रात से विश्वविद्यालय परिसर में धरना दे रहे छात्रों में से गुरुवार सुबह चार छात्र पानी की टंकी पर चढ़ गए। इनमें दो छात्राएं और दो छात्र शामिल हैं। छात्रों ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं होती, वे टंकी से नीचे नहीं उतरेंगे।

छात्रों का आरोप है कि विश्वविद्यालय में समय पर परीक्षाएं आयोजित नहीं की जा रही हैं और जिन परीक्षाओं का आयोजन हो चुका है, उनके परिणाम भी लंबे समय से लंबित हैं। इसके चलते उनका शैक्षणिक सत्र प्रभावित हो रहा है और भविष्य को लेकर उनमें भारी असमंजस है।

 

छात्रों के मुताबिक, करीब 10 दिन पहले भी इन्हीं मांगों को लेकर विश्वविद्यालय में आंदोलन हुआ था। उस दौरान कुछ छात्र पानी की टंकी पर चढ़ गए थे। काफी समझाने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन और अधिकारियों के आश्वासन पर छात्र नीचे उतरे थे। छात्रों का दावा है कि विश्वविद्यालय के कुलपति की ओर से 10 दिन के भीतर समस्याओं के समाधान का लिखित आश्वासन दिया गया था, लेकिन समय सीमा पूरी होने के बावजूद मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

इसके बाद बुधवार रात से सैकड़ों BAMS छात्र विश्वविद्यालय परिसर में धरने पर बैठ गए। गुरुवार सुबह चार छात्रों के टंकी पर चढ़ने के बाद परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

 

सूचना मिलते ही डोईवाला कोतवाली पुलिस भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी टंकी पर चढ़े छात्रों को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए समझाने का प्रयास कर रहे हैं। वहीं छात्र परीक्षा और लंबित परिणामों से जुड़ी समस्याओं के तत्काल समाधान की मांग पर अड़े हुए हैं।

 

सियासी समर्थन भी मिला

छात्रों के आंदोलन को अब राजनीतिक समर्थन भी मिलने लगा है। कांग्रेस और भारतीय किसान यूनियन ने छात्रों के समर्थन में मोर्चा संभाल लिया है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल भी मौके पर पहुंचे और विश्वविद्यालय प्रबंधन व सरकार पर छात्रों की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने छात्रों के समर्थन में देर रात मुख्यमंत्री आवास जाने की बात भी कही।

फिलहाल विश्वविद्यालय परिसर में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है और पुलिस-प्रशासन छात्रों को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास में जुटा है।


 

उत्तराखंड UTTARAKHAND