उत्तराखंड में स्वाइन फ्लू का बढ़ा प्रकोप, 24 घंटे में 58 नए मामले; कोरोना और डेंगू ने भी बढ़ाई चिंता
देहरादून: उत्तराखंड में सीजनल बीमारियों के बीच स्वाइन फ्लू के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। पिछले 24 घंटे में प्रदेश में स्वाइन फ्लू के 58 नए मामले सामने आए हैं। इनमें 38 मामले देहरादून और 20 मामले अन्य जिलों से हैं। इसके साथ ही प्रदेश में स्वाइन फ्लू संक्रमित मरीजों की कुल संख्या 271 पहुंच गई है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, अब तक 149 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि 120 मरीजों का उपचार जारी है। स्वाइन फ्लू से प्रदेश में अब तक 2 मरीजों की मौत भी हो चुकी है।
बच्चों और बुजुर्गों पर ज्यादा असर
स्वाइन फ्लू की चपेट में बच्चे और बुजुर्ग अधिक आ रहे हैं। कुल 271 संक्रमित मरीजों में 1 से 10 वर्ष की उम्र के 45 बच्चे शामिल हैं, जबकि 61 से 90 वर्ष की उम्र के 86 बुजुर्ग संक्रमित पाए गए हैं। आंकड़ों के मुताबिक महिलाओं की तुलना में पुरुष मरीजों की संख्या अधिक है। संक्रमितों में 143 पुरुष और 128 महिलाएं शामिल हैं।
उम्र के अनुसार संक्रमित मरीजों में 11-20 वर्ष के 15, 21-30 वर्ष के 30, 31-40 वर्ष के 19, 41-50 वर्ष के 27, 51-60 वर्ष के 49, 61-70 वर्ष के 50, 71-80 वर्ष के 23 और 81-90 वर्ष के 13 मरीज शामिल हैं।
521 सैंपल की जांच, 271 मामले पॉजिटिव
स्वास्थ्य विभाग स्वाइन फ्लू की जांच पर विशेष जोर दे रहा है। अब तक 521 सैंपल की जांच की जा चुकी है। इनमें देहरादून के 182 और अन्य जिलों के 89 मामले पॉजिटिव पाए गए हैं।
वहीं, कोरोना संक्रमण को लेकर अब तक 303 सैंपल लिए गए हैं, जिनमें 39 लोग पॉजिटिव मिले हैं। इनमें 16 मरीज देहरादून और 23 अन्य जिलों के हैं।
डेंगू के भी 129 मरीज
स्वाइन फ्लू और कोरोना के साथ डेंगू के मामले भी सामने आ रहे हैं। प्रदेश में अब तक करीब 24,844 डेंगू सैंपल लिए गए हैं, जिनमें 129 मरीज पॉजिटिव मिले हैं। इनमें 63 मरीज देहरादून और 66 अन्य जिलों के हैं। 112 मरीज ठीक हो चुके हैं, जबकि 17 मरीजों का उपचार जारी है।
स्वाइन फ्लू, कोरोना और डेंगू के बढ़ते मामलों के बीच स्वास्थ्य विभाग की ओर से संदिग्ध मरीजों की जांच और निगरानी बढ़ाई जा रही है। नागरिकों को सीजनल बीमारी के लक्षण नजर आने पर लापरवाही न बरतने और चिकित्सकीय सलाह लेने की जरूरत है।