ससुराल बना यातना गृह: विवाहिता के सिर के बाल उखाड़े, 10 महीने तक रही बंधक
देहरादून/विकासनगर। उत्तराखंड के देहरादून जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक विवाहिता के साथ उसके ससुरालवालों द्वारा कथित रूप से अमानवीय व्यवहार किए जाने का आरोप लगा है। मामला सेलाकुई थाना क्षेत्र का है, जहां पीड़िता के पिता की शिकायत पर पुलिस ने पति, सास और ससुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता के पिता के अनुसार उनकी बेटी को पिछले करीब 10 महीनों से घर के एक कमरे और शौचालय में बंद करके रखा गया था। आरोप है कि इस दौरान उसके साथ जानवरों जैसा व्यवहार किया गया और लगातार मानसिक एवं शारीरिक प्रताड़ना दी गई। शिकायत में कहा गया है कि विवाहिता को बेरहमी से पीटा जाता था, गाली-गलौज की जाती थी और उसे जान से मारने की धमकियां भी दी जाती थीं।
पीड़िता के पिता ने बताया कि उनकी बेटी की शादी राहुल खंडूड़ी के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही पति, सास और ससुर द्वारा उसे प्रताड़ित किया जाने लगा। आरोप है कि क्रूरता इस हद तक पहुंच गई कि महिला के सिर के बाल तक खींच-खींचकर उखाड़ दिए गए, जिससे उसके सिर का एक बड़ा हिस्सा खाली हो गया।
लंबे समय तक मायके पक्ष को इस घटना की जानकारी नहीं मिल सकी। जब परिजनों को पूरे मामले का पता चला तो उन्होंने तत्काल पुलिस से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई।
इस संबंध में सेलाकुई थाना प्रभारी लोकपाल परमार ने बताया कि पीड़िता के पिता की तहरीर के आधार पर आरोपी पति, सास और ससुर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 127(4), 351(2) एवं 352 के तहत मुकदमा अपराध संख्या 68/26 दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है।
यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो यह मामला घरेलू हिंसा और महिला उत्पीड़न की बेहद गंभीर घटनाओं में शामिल होगा। फिलहाल पुलिस जांच जारी है और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया चल रही है।