लोक गायक पवन सेमवाल को मिली जमानत, बोले— “मुझे षड्यंत्र के तहत फंसाया जा रहा है, कानून पर पूरा भरोसा”
चम्बा (टिहरी गढ़वाल)। उत्तराखंड के प्रसिद्ध लोक गायक पवन सेमवाल को न्यायालय से जमानत मिल गई है। उनके साथ सह-अभियुक्त दीपक नेगी को भी अदालत ने जमानत देने का आदेश दिया है। न्यायालय ने ₹25,000 के निजी मुचलके तथा समान राशि के दो विश्वसनीय जमानतदार प्रस्तुत करने की शर्त पर दोनों की रिहाई के निर्देश दिए हैं।
अदालत ने मामले की केस डायरी और उपलब्ध दस्तावेजों का अवलोकन करने के बाद पाया कि जिन धाराओं में मामला दर्ज किया गया है, वे जमानती प्रकृति की हैं। इसके बाद दोनों अभियुक्तों की जमानत याचिका स्वीकार कर ली गई।
जमानत मिलने के बाद पवन सेमवाल ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि उन्हें एक षड्यंत्र के तहत फंसाया जा रहा है। उनका कहना है कि उन्होंने कोई गलत कार्य नहीं किया है और उन्हें देश के कानून तथा न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है। उन्होंने विश्वास जताया कि जल्द ही उन्हें न्याय मिलेगा और सच्चाई सभी के सामने आ जाएगी।
पवन सेमवाल की गिरफ्तारी के बाद सोशल मीडिया पर भी इस मामले को लेकर व्यापक चर्चा देखने को मिली। उनके समर्थकों ने उनके पक्ष में कई पोस्ट साझा करते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं दूसरी ओर, पुलिस का कहना है कि कार्रवाई उपलब्ध साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी तथ्यों के आधार पर की गई है।
फिलहाल, न्यायालय से जमानत मिलने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है। अब आगे की कानूनी प्रक्रिया के तहत जांच और न्यायालय में सुनवाई जारी रहेगी, जिस पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।