चमोली में कैल नदी में डूबने से 17 वर्षीय किशोर की मौत, दोस्तों के साथ नहाने गया था आयुष
चमोली। जिले के देवाल विकासखंड में एक दर्दनाक हादसे में कैल नदी में डूबने से 17 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब 3 बजे हाट कल्याणी गांव के तीन युवक नहाने के लिए कैल नदी पहुंचे थे। इसी दौरान नदी में बने एक गहरे तालाबनुमा हिस्से में नहाते समय 17 वर्षीय आयुष परिहार पुत्र गजेंद्र सिंह परिहार अचानक गहरे पानी में डूबने लगा। साथ मौजूद दोस्तों ने शोर मचाया तो आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी प्रयासों के बाद उसे नदी से बाहर निकाला।
घटना की सूचना मिलते ही देवाल पुलिस चौकी प्रभारी संदीप देवरानी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। गंभीर हालत में आयुष को 108 एंबुलेंस की सहायता से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देवाल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
थराली थानाध्यक्ष विनोद चौरसिया ने बताया कि शव का पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए उसे उप जिला अस्पताल कर्णप्रयाग भेजा जा रहा है।
आयुष की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं हाट कल्याणी गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले 24 मई को भी कर्णप्रयाग क्षेत्र में पिंडर नदी में नहाने के दौरान एक 15 वर्षीय किशोरी की डूबने से मौत हो गई थी।