युवा उक्रांद के केंद्रीय मीडिया प्रभारी आयुष रावत ने उठाई वार्ड 1, 2 और 3 में पुलिस चौकी स्थापना की मांग
काशीपुर। शहर के वार्ड संख्या 1, 2 और 3 में लंबे समय से लंबित पुलिस चौकी की मांग को लेकर स्थानीय लोगों ने एक बैठक आयोजित की। एक निजी प्रतिष्ठान में आयोजित इस बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों ने हिस्सा लिया तथा क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस चौकी की आवश्यकता पर जोर दिया। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को संबोधित ज्ञापन पर भी हस्ताक्षर किए गए।

बैठक को संबोधित करते हुए उत्तराखंड क्रांति दल के केंद्रीय मीडिया प्रभारी आयुष रावत ने कहा कि वार्ड संख्या 1, 2 और 3 में पुलिस चौकी की मांग वर्षों पुरानी है। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र में पुलिस चौकी स्थापित कराने का वादा किया था और यह भी कहा गया था कि इसकी स्वीकृति मिल चुकी है, लेकिन लंबे समय बीत जाने के बाद भी न तो चौकी का निर्माण शुरू हुआ और न ही इसकी कोई स्पष्ट प्रगति दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं और नशे की गतिविधियों को देखते हुए पुलिस चौकी की स्थापना अब अत्यंत आवश्यक हो गई है।
युवा उत्तराखंड क्रांति दल के जिलाध्यक्ष प्रदीप मैंदोलिया ने कहा कि वार्डों की बढ़ती आबादी और बदलते हालात को देखते हुए स्थानीय पुलिस व्यवस्था को मजबूत करना समय की मांग है। उन्होंने कहा कि पुलिस चौकी बनने से अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के साथ-साथ आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना भी बढ़ेगी। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द इस मांग पर कार्रवाई करने की अपील की।
वहीं युवा उत्तराखंड क्रांति दल के महानगर अध्यक्ष जितेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि यदि पुलिस चौकी शीघ्र स्थापित नहीं की गई तो स्थानीय नागरिकों के साथ मिलकर लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जाएगी। उनका कहना था कि क्षेत्र के लोगों की सुरक्षा किसी भी स्थिति में नजरअंदाज नहीं की जानी चाहिए।
जिला पंचायत सदस्य हरदेव सिंह हैरी ने कहा कि यह किसी एक दल का नहीं बल्कि पूरे क्षेत्र के लोगों की सुरक्षा से जुड़ा मुद्दा है। उन्होंने प्रशासन से जनभावनाओं का सम्मान करते हुए जल्द पुलिस चौकी स्थापित करने की मांग की, ताकि लोगों को बेहतर सुरक्षा और त्वरित पुलिस सहायता मिल सके।
बैठक में युवा उत्तराखंड क्रांति दल के महामंत्री सतेंद्र शर्मा, जिला संगठन महामंत्री सैंडी बिष्ट, कांग्रेस के प्रदेश आईटी सचिव रवि पपने, कांग्रेस नेता वीरजोत ग्रेवाल, शंभू लखेड़ा सहित विभिन्न राजनीतिक दलों एवं स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया और सर्वसम्मति से क्षेत्र में पुलिस चौकी स्थापित किए जाने की मांग का समर्थन किया।