रुद्रप्रयाग: घायल होने के बावजूद महिला ने गुलदार से लड़ी बहादुरी की जंग, दरांती से चार वार कर बचाई जान
अगस्त्यमुनि (रुद्रप्रयाग): जनपद के अगस्त्यमुनि क्षेत्र के पठालीधार से लगे कोटि गांव में एक 64 वर्षीय महिला ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए गुलदार के हमले से अपनी जान बचा ली। जानकारी के अनुसार नारायणी देवी जंगल में घास काटने गई थीं, तभी झाड़ियों में छिपे गुलदार ने उन पर अचानक हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद महिला ने हिम्मत नहीं हारी और अपने पास मौजूद दरांती से गुलदार पर लगातार चार वार किए। इसके बाद वह किसी तरह मौके से भागने में सफल रहीं।
घटना की सूचना मिलने पर ग्रामीणों ने घायल महिला को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अगस्त्यमुनि पहुंचाया, जहां उनका उपचार किया गया। डॉक्टरों के अनुसार महिला के हाथ और पैर में गहरे घाव हैं, लेकिन उनकी हालत फिलहाल सामान्य है। वहीं वन विभाग के एसडीओ दिवाकर पंत ने अस्पताल पहुंचकर महिला का हालचाल जाना और बताया कि चिकित्सकीय रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराया जाएगा। महिला की बहादुरी की पूरे क्षेत्र में सराहना की जा रही है।