देहरादून में 25 लाख की ठगी! राहुल गांधी का ‘PA’ बनकर महिला से टिकट दिलाने के नाम पर बड़ा खेल
रिपोर्ट: पहाड़ न्यूज़ 24
देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से एक चौंकाने वाला ठगी का मामला सामने आया है, जहां कांग्रेस का टिकट दिलाने के नाम पर एक महिला से करीब 25 लाख रुपये ठग लिए गए। आरोपी ने खुद को राहुल गांधी का पीए बताकर पीड़िता को झांसे में लिया और लंबे समय तक भरोसा दिलाता रहा।
पीड़िता भावना पांडेय ने देहरादून के राजपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने फोन के जरिए संपर्क कर खुद को राहुल गांधी का पीए ‘कनिष्क’ बताया और राजनीतिक संपर्कों का हवाला देकर टिकट दिलाने का भरोसा दिया। इतना ही नहीं, आरोपी ने कथित तौर पर हरीश रावत समेत कई नेताओं की आवाज सुनाकर भरोसा जीतने की कोशिश की।
जानकारी के अनुसार आरोपी ने महिला को यह भी बताया कि कुछ विधायक देहरादून के एक होटल में सर्वे के लिए रुके हुए हैं और इस प्रक्रिया में खर्च आ रहा है। इसी बहाने आरोपी ने पैसे की मांग की। झांसे में आकर भावना पांडेय ने 13 अप्रैल 2026 को करीब 9.5 लाख रुपये बैंक ट्रांसफर किए, 5 लाख रुपये नकद दिए और बाकी रकम अलग-अलग किस्तों में आरोपियों को सौंप दी। कुल मिलाकर 25 लाख रुपये ठगे गए।
जब लंबे समय तक कोई काम नहीं हुआ तो पीड़िता को शक हुआ और उसने पैसे वापस मांगे। आरोपियों ने पहले बहाने बनाए और फिर संपर्क करना ही बंद कर दिया। पीड़िता का दावा है कि यह एक संगठित गैंग है, जो कई लोगों को इसी तरह टिकट दिलाने का झांसा देकर ठगी करता है।
पुलिस ने बताया कि शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता 2023 की संबंधित धाराओं में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है।
इस पूरे मामले ने राजनीतिक हलकों में भी हलचल मचा दी है, क्योंकि इसमें बड़े नेताओं के नाम का इस्तेमाल कर ठगी को अंजाम दिया गया।
(पहाड़ न्यूज़ 24)