फौजियों को जमीन बेचने के नाम पर करोड़ों की ठगी, दो शातिर गिरफ्तार
देहरादून में पहाड़ के भोले-भाले लोगों और फौजियों को जमीन बेचने के नाम पर ठगी करने वाले दो शातिर जालसाजों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मुख्य आरोपी पर भूमि धोखाधड़ी और गैंगस्टर एक्ट समेत 27 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी और उस पर 20 हजार रुपये का इनाम भी घोषित था।
मामला थाना रायपुर क्षेत्र का है, जहां सहस्त्रधारा रोड अधोईवाला निवासी विक्रम सिंह ने 15 अक्टूबर 2025 को शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि अभय कुमार, प्रदीप सकलानी और अजय सजवाण ने ग्राम सौंडा सरोली स्थित जमीन के फर्जी दस्तावेज तैयार कर उसे बेचने के नाम पर 30 लाख रुपये की ठगी की।
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने जमीन को अपने परिचित की बताकर खुद को बिक्री के लिए अधिकृत बताया और एक फर्जी विक्रय अनुबंध पत्र तैयार कर पीड़ित से बयाने के तौर पर 30 लाख रुपये ले लिए। बाद में पता चला कि जिन लोगों को जमीन का मालिक बताया गया था, उनका उस भूमि से कोई संबंध नहीं था।
पीड़ित द्वारा रकम वापस मांगने पर आरोपियों ने चेक दिए, लेकिन वे भी बाउंस हो गए। इसके बाद मुख्य आरोपी प्रदीप सकलानी फरार चल रहा था और गिरफ्तारी से बचने के लिए हर दो-तीन महीने में अपना ठिकाना बदल रहा था।
पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी डालनवाला क्षेत्र में एक अन्य प्रॉपर्टी डील को लेकर कुछ लोगों से संपर्क में है। इसके बाद पुलिस टीम ने एकता कॉलोनी डालनवाला से प्रदीप सकलानी और अजय सजवाण को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी खासतौर पर फौजियों और अन्य राज्यों में रहने वाले उत्तराखंड मूल के लोगों को निशाना बनाता था। वह खुद को पहाड़ी मूल का बताकर भरोसा जीतता और सस्ते दामों में जमीन दिलाने का लालच देकर लोगों से मोटी रकम ठगता था।
एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि आरोपी के खिलाफ जिले के अलग-अलग थानों में भूमि धोखाधड़ी के 27 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं थाना नेहरू कॉलोनी में दर्ज तीन अन्य मामलों में भी आरोपी पर 3 करोड़ रुपये से ज्यादा की ठगी का आरोप है।