🚨 BREAKING NEWS
Advertisement
Advertise with us
Homeउत्तराखंडदेहरादून का पैनेसिया अस्पताल सील, ICU अग...

देहरादून का पैनेसिया अस्पताल सील, ICU अग्निकांड के बाद रजिस्ट्रेशन भी सस्पेंड

P
By Pahadnews24
May 23, 2026 • 1 min read
देहरादून का पैनेसिया अस्पताल सील, ICU अग्निकांड के बाद रजिस्ट्रेशन भी सस्पेंड
देहरादून का पैनेसिया अस्पताल सील, ICU अग्निकांड के बाद रजिस्ट्रेशन भी सस्पेंड (Photo: Pahad News)

देहरादून के पैनेसिया अस्पताल में हुए ICU अग्निकांड के बाद प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अस्पताल का रजिस्ट्रेशन निरस्त कर दिया है। साथ ही मरीजों की सुरक्षा को देखते हुए अस्पताल परिसर को सील करने के आदेश भी जारी कर दिए गए हैं। संयुक्त जांच टीम ने अस्पताल परिसर में नोटिस चस्पा कर कई गंभीर खामियों का उल्लेख किया है।


 

गौरतलब है कि 20 मई को पैनेसिया अस्पताल के ICU में अचानक आग लग गई थी। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह एसी यूनिट में शॉर्ट सर्किट बताई गई। देखते ही देखते धुआं पूरे ICU में फैल गया, जिससे अफरातफरी मच गई। हादसे में एक महिला मरीज की मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य मरीज और अस्पताल कर्मचारी घायल हुए थे।


 

घटना के बाद जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीम ने अस्पताल का विस्तृत निरीक्षण किया। जांच के दौरान ICU, विद्युत व्यवस्था, फायर सेफ्टी उपकरणों और इमरजेंसी एग्जिट सिस्टम की जांच की गई, जिसमें कई गंभीर लापरवाहियां सामने आईं।


 

प्राथमिक जांच रिपोर्ट के अनुसार अस्पताल में जरूरत से अधिक विद्युत लोड पाया गया। संभावना जताई गई कि अधिक लोड के कारण एसी में शॉर्ट सर्किट हुआ और आग तेजी से फैल गई। जांच टीम ने पाया कि ICU जैसे संवेदनशील क्षेत्र में सुरक्षा मानकों का पर्याप्त पालन नहीं किया गया था।


 

जांच में यह भी सामने आया कि आग लगने के बाद धुआं तेजी से कमरे में भर गया, जिससे मरीजों को सुरक्षित बाहर निकालने में काफी दिक्कत हुई। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि समय पर राहत और बचाव कार्य नहीं होता तो हादसा और भी भयावह हो सकता था।


 

संयुक्त जांच टीम ने अस्पताल में फायर सेफ्टी, आपातकालीन प्रबंधन और भवन सुरक्षा से जुड़ी कई तकनीकी और प्रशासनिक कमियां भी पाई हैं। क्लिनिकल एस्टेब्लिशमेंट एक्ट के तहत अनिवार्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन की बात भी सामने आई है।


 

इन्हीं गंभीर खामियों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने पैनेसिया अस्पताल का रजिस्ट्रेशन निरस्त करने का फैसला लिया है। प्रशासन का कहना है कि जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती और अस्पताल सभी सुरक्षा मानकों को पूरा नहीं करता, तब तक यहां किसी भी प्रकार की चिकित्सा सेवाएं संचालित नहीं की जाएंगी।


 

घटना के बाद अस्पताल प्रबंधन की भूमिका भी जांच के दायरे में है। स्थानीय लोगों और मरीजों के परिजनों ने आरोप लगाया है कि अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्थाएं पहले से ही कमजोर थीं, लेकिन इस ओर कभी गंभीरता से ध्यान नहीं दिया गया।


 

उत्तराखंड UTTARAKHAND