🚨 BREAKING NEWS
Advertisement
Advertise with us
Homeअपराधव्यक्ति की संदिग्ध मौत का अब तक नहीं हुआ...

व्यक्ति की संदिग्ध मौत का अब तक नहीं हुआ खुलासा, ग्रामीणों में भारी आक्रोश; उग्र आंदोलन की चेतावनी

P
By Pahadnews24
June 12, 2026 • 1 min read
व्यक्ति की संदिग्ध मौत का अब तक नहीं हुआ खुलासा, ग्रामीणों में भारी आक्रोश; उग्र आंदोलन की चेतावनी
व्यक्ति की संदिग्ध मौत का अब तक नहीं हुआ खुलासा, ग्रामीणों में भारी आक्रोश; उग्र आंदोलन की चेतावनी (Photo: Pahad News)

गैरसैंण। माईथान क्षेत्र के देवपुरी गांव में एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का तीन सप्ताह बाद भी खुलासा न होने से ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। स्थानीय लोग इस घटना को हत्या का मामला मानते हुए पुलिस की जांच पर सवाल उठा रहे हैं और जल्द कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।


 

मामले को लेकर क्षेत्र की डेढ़ दर्जन से अधिक ग्राम पंचायतों के प्रतिनिधियों ने कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और जांच में तेजी लाने की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस की धीमी जांच के कारण आरोपी बेखौफ घूम रहे हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है। उनका कहना है कि डर के कारण बाहर रहने वाले परिवार भी गर्मियों की छुट्टियों में गांव आने से बच रहे हैं।


 

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि मामले का जल्द खुलासा नहीं किया गया तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे। इस संबंध में मुख्यमंत्री को भी मांग पत्र भेजा गया है।


 

बताया जा रहा है कि देवपुरी निवासी 42 वर्षीय राजेंद्र सिंह कंडारी, जो राजमिस्त्री का कार्य करते थे, 18 मई की सुबह काम पर जाने की बात कहकर घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने 23 मई को उनका शव घर से करीब 400 मीटर दूर एक गदेरे के तालाब से बरामद किया। शव के दोनों पैर और एक हाथ बंधे हुए थे तथा सिर पर गहरी चोट के निशान मिले थे। घटनास्थल के पास मृतक की पानी की बोतल, मोबाइल फोन और चप्पल भी बरामद हुई थी, जिसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने हत्या कर शव वहां फेंके जाने की आशंका जताई।


 

जांच अधिकारी इंस्पेक्टर मनोज सीरौला ने कहा कि पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही मौत के कारणों का खुलासा किया जाएगा।


 

अपराध UTTARAKHAND