धारचूला: लापरवाही पर हरियाणा की महिला पोस्टमैन निलंबित, ग्रामीणों के आरोप जांच में सही पाए गए
पिथौरागढ़। सीमांत जिले के धारचूला तहसील के जाराजिबली पोस्ट ऑफिस में तैनात हरियाणा निवासी महिला पोस्टमैन को डाक वितरण में लापरवाही बरतने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। ग्रामीणों की शिकायत और वायरल वीडियो के आधार पर विभाग ने जांच के बाद यह कार्रवाई की है।
मामला तब सामने आया जब ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि महिला पोस्टमैन ने करीब दो महीने से डाक का वितरण नहीं किया, जिसमें आधार कार्ड सहित कई महत्वपूर्ण दस्तावेज शामिल थे। इसको लेकर ग्रामीणों और पोस्टमैन के बीच तीखा विवाद भी हुआ, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
वायरल वीडियो में महिला पोस्टमैन द्वारा अभद्र व्यवहार किए जाने के आरोप भी लगे थे। इसके बाद डाक निरीक्षक आशीष राणा ने मौके पर पहुंचकर जांच की, जिसमें कई अनियमितताएं सामने आईं। जांच के दौरान डाकघर में करीब 50 से 60 आधार कार्ड डंप हालत में पाए गए, जिनमें कुछ दस्तावेज एक से दो महीने पुराने बताए जा रहे हैं।
विभागीय जांच में लापरवाही की पुष्टि होने के बाद महिला कर्मी को जाराजिबली डाकघर से हटाकर अन्यत्र स्थानांतरित कर दिया गया है और फिलहाल उसे निलंबित कर दिया गया है। विभाग ने मामले में आगे की कार्रवाई भी शुरू कर दी है।
ग्रामीणों का कहना है कि बार-बार शिकायत के बावजूद डाक वितरण में सुधार नहीं हुआ, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं विभाग ने स्पष्ट किया है कि मामले में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आगे सख्त कदम उठाए जाएंगे।