तेज रफ्तार हरियाणा नंबर फॉर्च्यूनर की टक्कर से स्कूटी सवार की मौत, दो बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
रामनगर/पीरूमदारा। रामनगर क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार को गहरे शोक में डुबो दिया। मंगलवार, 17 जून 2028 को लगभग 1:55 बजे एमआर कंपनी, ग्राम बसई में ड्यूटी के लिए जा रहे स्कूटी सवार दिनेश सिंह की तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर की टक्कर से मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार दिनेश सिंह अपनी स्कूटी (वाहन संख्या UK19A7910) से बसई मोड़ स्थित पंजाबी ढाबे के पास पहुंचे ही थे कि रामनगर की ओर से आ रही फॉर्च्यूनर कार (HR10AK2500) ने कथित रूप से तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दिनेश सिंह ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि स्कूटी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

मृतक दिनेश सिंह पुत्र देव सिंह मूल रूप से जनपद अल्मोड़ा के स्याल्दे क्षेत्र स्थित ग्राम कल्याणपुर, पोस्ट मटेला के निवासी थे और वर्तमान में ग्राम भगतपुर तड़ियाल, पीरूमदारा (कोतवाली रामनगर, जनपद नैनीताल) में रह रहे थे। बताया जा रहा है कि दिनेश अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिनके कारण निर्दोष लोगों की जान जा रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।