🚨 BREAKING NEWS
Advertisement
Advertise with us
Homeउत्तराखंडचारधाम यात्रा के बीच HR नंबर की बस पलटी,...

चारधाम यात्रा के बीच HR नंबर की बस पलटी, पांच श्रद्धालु घायल

P
By Pahadnews24
June 3, 2026 • 1 min read
चारधाम यात्रा के बीच HR नंबर की बस पलटी, पांच श्रद्धालु घायल
चारधाम यात्रा के बीच HR नंबर की बस पलटी, पांच श्रद्धालु घायल (Photo: Pahad News)

टिहरी। उत्तराखंड में चारधाम यात्रा के दौरान एक और सड़क हादसा सामने आया है। गंगोत्री धाम से केदारनाथ धाम जा रही यात्रियों से भरी एक बस नई टिहरी जिले में अनियंत्रित होकर पलट गई। दुर्घटना में पांच यात्री घायल हो गए, जबकि बस में सवार अन्य लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।


 

जानकारी के अनुसार, ऋषिकेश-गंगोत्री हाईवे पर कंडीखाल-चंबा मार्ग स्थित खेतधार मोड़ के पास यह हादसा हुआ। गंगोत्री से केदारनाथ जा रही HR73 B 6666 नंबर की बस अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े एक पिकअप वाहन से टकराने के बाद पलट गई। दुर्घटना कंडीखाल से लगभग तीन किलोमीटर आगे जौलांगी क्षेत्र के समीप हुई।


 

बस में कुल 22 लोग सवार थे, जिनमें 18 यात्री, दो रसोइये, एक चालक और एक परिचालक शामिल थे। हादसे में पांच यात्रियों को चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, राजस्व विभाग की टीम और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।


 

कंडीखाल पुलिस चौकी प्रभारी राजेंद्र कुमार ने बताया कि बस चारधाम यात्रा पर निकली थी। प्रारंभिक जांच में मोड़ पर बस के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।


 

प्रशासन ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर तेज रफ्तार और मोड़ पर वाहन का संतुलन बिगड़ना हादसे की वजह माना जा रहा है। समय रहते राहत एवं बचाव कार्य शुरू होने से एक बड़ा हादसा टल गया।


 

चारधाम यात्रा के दौरान लगातार सामने आ रही सड़क दुर्घटनाओं ने यात्रियों की सुरक्षा और पर्वतीय मार्गों पर यातायात प्रबंधन को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।


 

उत्तराखंड UTTARAKHAND