खनन लक्ष्य पूरा करने के लिए गौला नदी में खनन सत्र 19 जून तक बढ़ाया गया
हल्द्वानी। उत्तराखंड सरकार को सर्वाधिक राजस्व देने वाली गौला नदी में खनन सत्र की अवधि बढ़ा दी गई है। शासन ने वर्ष 2025-26 के लिए निर्धारित खनन लक्ष्य को पूरा करने के उद्देश्य से गौला नदी में खनन कार्य को 19 जून 2026 तक जारी रखने के आदेश जारी किए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वर्ष 2025-26 के लिए गौला नदी में कुल 51,15,946.59 घनमीटर उपखनिज निकासी का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। विभागीय आंकड़ों के मुताबिक 27 मई 2026 तक 48,51,033.80 घनमीटर उपखनिज की निकासी की जा चुकी है, जबकि 2,64,912.79 घनमीटर उपखनिज का लक्ष्य अभी शेष है।
वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि निर्धारित लक्ष्य की पूर्ति सुनिश्चित करने के लिए खनन सत्र की अवधि बढ़ाई गई है। इस बार हक-हकूक के तहत स्थानीय ग्रामीणों को भी परमिट जारी किए गए हैं। ग्रामीणों द्वारा निकाले जाने वाले उपखनिज को भी कुल खनन लक्ष्य में शामिल किया जाएगा।
वन क्षेत्राधिकारी गौला चंदन सिंह अधिकारी ने बताया कि शासन के निर्देशों के अनुपालन में गौला नदी का खनन सत्र 19 जून 2026 तक बढ़ा दिया गया है। विभाग का प्रयास है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर शेष लक्ष्य को पूरा कर लिया जाए।
गौरतलब है कि गौला नदी प्रदेश सरकार के लिए राजस्व का एक प्रमुख स्रोत है। हर वर्ष यहां होने वाले खनन कार्य से सरकार को करोड़ों रुपये का राजस्व प्राप्त होता है। इसी कारण निर्धारित खनन लक्ष्य की प्राप्ति को लेकर विभाग लगातार प्रयास कर रहा है।