हल्द्वानी में आंधी का असर, काठगोदाम हाईवे पर गिरा पेड़, यातायात बाधित
हल्द्वानी: मौसम विभाग द्वारा जारी तेज आंधी और बारिश के अलर्ट के बीच बुधवार शाम काठगोदाम क्षेत्र में तेज हवाओं का असर देखने को मिला। काठगोदाम स्थित कोल टेक्स के बाहर पेट्रोल पंप के समीप एक बड़ा पेड़ अचानक राष्ट्रीय राजमार्ग पर गिर गया, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।
पेड़ गिरने के कारण हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
भाजपा मंडल अध्यक्ष नीरज बिष्ट भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और प्रशासन को सूचना देकर जल्द राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराने का अनुरोध किया। सूचना मिलने के बाद संबंधित विभागों की टीम पेड़ हटाने और यातायात बहाल करने के कार्य में जुट गई।
गौरतलब है कि मौसम विभाग ने पहले ही नैनीताल जनपद सहित प्रदेश के कई जिलों में तेज हवाएं चलने और बारिश की संभावना को लेकर चेतावनी जारी की थी। काठगोदाम में पेड़ गिरने की यह घटना मौसम विभाग के अलर्ट के अनुरूप सामने आई। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।