हल्द्वानी में स्वाइन फ्लू का कहर, तीन दिन में दूसरे बुजुर्ग की मौत से हड़कंप
हल्द्वानी। हल्द्वानी के स्वामी राम कैंसर अस्पताल एवं राजकीय मेडिकल कॉलेज (एसटीएच) में स्वाइन फ्लू से तीन दिन के भीतर दूसरे बुजुर्ग मरीज की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। लगातार सामने आ रहे मामलों को देखते हुए अस्पताल प्रबंधन और नैनीताल जिला स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रातीघाट निवासी 65 वर्षीय बुजुर्ग को निमोनिया और सांस लेने में गंभीर परेशानी के चलते 2 सितंबर को एसटीएच में भर्ती कराया गया था। 4 सितंबर को आई पैथोलॉजी जांच रिपोर्ट में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई। डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद इलाज के दौरान 5 सितंबर को उनकी मौत हो गई।
इससे पहले भी नैनीताल निवासी 62 वर्षीय बुजुर्ग की स्वाइन फ्लू के चलते मौत हो चुकी है। इस तरह तीन दिन के भीतर स्वाइन फ्लू से यह दूसरी मौत बताई जा रही है।
दो मरीज भर्ती, एक संदिग्ध निगरानी में
वर्तमान में एसटीएच में स्वाइन फ्लू से संक्रमित दो अन्य मरीजों का इलाज चल रहा है। वहीं, स्वाइन फ्लू जैसे लक्षण वाले एक संदिग्ध मरीज को भी निगरानी में रखा गया है।
संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए एसटीएच प्रबंधन ने अस्पताल में विशेष स्वाइन फ्लू क्लीनिक शुरू किया है। संदिग्ध लक्षण वाले मरीजों को तत्काल चिन्हित कर विशेष आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, लोगों से सावधानी की अपील
मामले की गंभीरता को देखते हुए नैनीताल की मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने बताया कि मृतक मरीज पहले से ही अन्य बीमारियों से ग्रसित थे। उन्होंने कहा कि स्वाइन फ्लू को लेकर जिले के सभी अस्पतालों में सतर्कता बरती जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि बुखार, खांसी, गले में खराश या सांस लेने में परेशानी जैसे फ्लू के लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही न बरतें और तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं।