हल्द्वानी में पुलिस को धमकी देने वाला युवक गिरफ्तार, “वर्दी उतरवा दूंगा” कहकर किया था हंगामा
हल्द्वानी में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। मामला नैनीताल जिले के तिकोनिया क्षेत्र का बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार 10 मई की रात कोतवाली हल्द्वानी पुलिस की टीम तिकोनिया क्षेत्र में गश्त और वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान ‘कबाड़ी कबाब’ के पास काली फिल्म लगी एक संदिग्ध कार को जांच के लिए रोका गया। पुलिस द्वारा चालान की कार्रवाई किए जाने पर कार चालक भड़क गया और ड्यूटी पर तैनात महिला उपनिरीक्षक आरती समेत अन्य पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता करने लगा।
आरोप है कि युवक ने पुलिसकर्मियों को गाली-गलौज करते हुए जान से मारने और “वर्दी उतरवा देने” की धमकी दी। इसके बाद आरोपी मौके से कार लेकर फरार हो गया।
महिला उपनिरीक्षक आरती की शिकायत पर कोतवाली हल्द्वानी में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से आरोपी की तलाश शुरू की।
जांच के बाद पुलिस ने आरोपी लवजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया। घटना में प्रयुक्त कार को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
पुलिस प्रशासन ने साफ कहा है कि ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों और अन्य लोकसेवकों के साथ अभद्रता करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।