SIR पर सियासत तेज, भाजपा ने कांग्रेस को बताया ‘राष्ट्र विरोधी मानसिकता’, कांग्रेस ने भी किया पलटवार
देहरादून: उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा ने कांग्रेस पर SIR के विरोध के बहाने राष्ट्र विरोधी ताकतों के साथ खड़े होने का आरोप लगाया है, जबकि कांग्रेस ने पलटवार करते हुए भाजपा पर समाज को बांटकर राजनीतिक लाभ लेने का आरोप लगाया है।
भाजपा के राज्यसभा सांसद नरेश बंसल ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष की भूमिका निभाते-निभाते कांग्रेस का वर्तमान नेतृत्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विरोध करते-करते राष्ट्र विरोध की राजनीति तक पहुंच गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस देश विरोधी और अंतरराष्ट्रीय ताकतों के साथ खड़ी दिखाई दे रही है।
नरेश बंसल ने प्रधानमंत्री के ‘दिमागी नक्सल’ वाले बयान का जिक्र करते हुए कहा कि देश में माओवादी और नक्सलवाद को समाप्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मिली है, लेकिन अब वैचारिक स्तर पर देश को कमजोर करने वाली ताकतों से भी मुकाबला करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं की ओर से प्रधानमंत्री के बयान पर आई प्रतिक्रियाएं उनकी मानसिकता को स्पष्ट करती हैं।
SIR को लेकर भाजपा का क्या कहना है?
SIR के समर्थन में भाजपा सांसद ने कहा कि यह प्रक्रिया किसी एक वर्ग या राजनीतिक दल के हित में नहीं, बल्कि मतदाता सूची को शुद्ध और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से की जा रही है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सरकार का गठन मतदाताओं के माध्यम से होता है, इसलिए यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि पात्र मतदाता का नाम सूची से न छूटे और अपात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में न रहे।
बंसल ने कहा कि SIR देश में पहली बार नहीं हो रहा है और इसका उद्देश्य एक विश्वसनीय मतदाता सूची तैयार करना है। उन्होंने कांग्रेस पर राजनीतिक और वर्ग विशेष के हितों को साधने का आरोप लगाते हुए कहा कि कभी SIR और कभी ‘वंदे मातरम्’ जैसे राष्ट्रीय गीत के मुद्दे पर कांग्रेस की आपत्तियां उसकी राष्ट्र विरोधी मानसिकता की ओर संकेत करती हैं।
कांग्रेस ने भाजपा पर साधा निशाना
वहीं कांग्रेस की प्रदेश प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह ने भाजपा के आरोपों पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि भाजपा लंबे समय से ओछी राजनीति करती आई है और समाज को बांटकर राजनीतिक रोटियां सेंकने का काम करती है।
प्रतिमा सिंह ने कहा कि कांग्रेस किसी भी ऐसे व्यक्ति के साथ खड़ी नहीं है, जो देश या प्रदेश में अवैध रूप से रह रहा हो। हालांकि, कांग्रेस उन सभी लोगों के साथ खड़ी है, जिनके मताधिकार को छीने जाने का खतरा है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि देश और प्रदेश में अवैध घुसपैठिए मौजूद हैं तो करीब साढ़े नौ साल से सत्ता में रहने वाली भाजपा ने अब तक क्या कार्रवाई की?
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि पार्टी का सरोकार प्रदेश की जनता से है और कांग्रेस देश, संविधान तथा लोकतंत्र की रक्षा के लिए अपनी आवाज उठाती रहेगी। SIR को लेकर दोनों प्रमुख दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का यह सिलसिला आने वाले दिनों में और तेज होने के आसार हैं।