हाईकोर्ट के आदेश पर हरकत में प्रशासन, कमिश्नर दीपक रावत की अध्यक्षता में हाईलेवल बैठक
नैनीताल। हाईकोर्ट के निर्देशों के अनुपालन में नैनीताल शहर की यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से गठित समिति की महत्वपूर्ण बैठक मंगलवार को एलडीए सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मंडलायुक्त दीपक रावत ने की।
बैठक में नैनीताल शहर में लगातार बढ़ रहे यातायात दबाव, पार्किंग की समस्या, टैक्सी संचालन व्यवस्था तथा पर्यटन सीजन के दौरान लगने वाले जाम को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान व्यापार मंडल तल्लीताल एवं मल्लीताल, होटल एसोसिएशन, टैक्सी यूनियन, अधिवक्ताओं और प्रशासनिक अधिकारियों ने अपने सुझाव प्रस्तुत किए।
मंडलायुक्त दीपक रावत ने कहा कि नैनीताल की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सभी संबंधित पक्षों के सुझावों को गंभीरता से लिया जाएगा। आम जनता और पर्यटकों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए जल्द ही प्रभावी और व्यावहारिक कदम उठाए जाएंगे।
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने शहर में पार्किंग प्रबंधन, यातायात नियंत्रण, टैक्सी संचालन और जाम की समस्या के स्थायी समाधान पर अपने विचार रखे। समिति ने कई महत्वपूर्ण सुझावों पर सहमति व्यक्त की, जिन्हें आगामी कार्ययोजना में शामिल किया जाएगा।
बैठक में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी, एसपी सिटी, एडीएम डॉ. जगदीश चंद्रा, एडीएम सौरभ असवाल, जिला विकास प्राधिकरण के सचिव विजयनाथ शुक्ल, आरटीओ गुरदेव सिंह, अधिशासी अधिकारी रोहिताश शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त व्यापार मंडल, होटल एसोसिएशन, टैक्सी यूनियन एवं अन्य संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी बैठक में भाग लिया और नैनीताल की यातायात व्यवस्था को अधिक सुचारु बनाने के लिए अपने सुझाव दिए।