हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव के परिणाम घोषित, हिमांशु भंडारी अध्यक्ष निर्वाचित
श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के बिड़ला परिसर में छात्रसंघ चुनाव शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष रूप से संपन्न होने के बाद विभिन्न पदों के परिणाम घोषित कर दिए गए। मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रो. एम.सी. सती ने चुनाव परिणामों की घोषणा की।
अध्यक्ष पद पर जय हो संगठन के हिमांशु भंडारी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भुवन चमोली को 1505 मतों के अंतर से हराकर जीत दर्ज की।
हिमांशु भंडारी को 3301, जबकि भुवन चमोली को 1796 मत प्राप्त हुए। उपाध्यक्ष पद पर छात्रम संगठन के पुलकित अग्रवाल 2091 मत प्राप्त कर विजयी रहे। उन्होंने अपनी प्रतिद्वंद्वी प्रीति वर्मा को 45 मतों से पराजित किया, जिन्हें 2046 मत मिले। महासचिव पद पर एनएसयूआई के मयंक अग्रवाल ने 2708 मत प्राप्त कर जीत हासिल की, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी पंकज फर्स्वाण को 2375 मत मिले। सह सचिव पद पर अमन कुनियाल 1694 मत प्राप्त कर विजयी हुए।
उनकी प्रतिद्वंद्वी निशा को 1652 मत मिले। विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर आइसा के युवराज ने विजय प्राप्त की, जबकि छात्रा प्रतिनिधि पद पर सुनिधि सिंह 2105 मत प्राप्त कर विजयी घोषित हुईं। इसके अतिरिक्त कोषाध्यक्ष पद पर रामरूप गुजर तथा कार्यकारिणी सदस्य के पद पर ऋतुराज, अंकुर यादव, नवनीत कुमार एवं अभिराज नेगी निर्विरोध निर्वाचित हुए। चुनाव में बिड़ला परिसर के कुल 8776 मतदाताओं में से लगभग 5203 छात्र-छात्राओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रो. एम.सी. सती ने सभी निर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छात्रसंघ विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों की समस्याओं, हितों एवं रचनात्मक गतिविधियों के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया में सहयोग करने वाले छात्र-छात्राओं, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं सुरक्षा कर्मियों का आभार व्यक्त किया।