झारखंड में स्टूडेंट प्रोटेस्ट 20वें दिन भी जारी, देवेंद्र नाथ महतो समेत चार छात्र अस्पताल में भर्ती
रांची। झारखंड में JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी के विरोध में छात्रों का आंदोलन 20वें दिन भी जारी है। पिछले दिनों विधानसभा मार्च के दौरान लाठीचार्ज और आमरण अनशन के कारण घायल एवं अस्वस्थ हुए चार छात्र नेताओं का रांची सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है। इनमें जेएलकेएम और छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो, मनीष कुमार सिंह, हबीबा समेत एक अन्य छात्र शामिल हैं।
सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. बिमलेश कुमार सिंह ने बताया कि चारों छात्र नेताओं की हालत फिलहाल स्थिर है और सभी खतरे से बाहर हैं। उन्होंने कहा कि जरूरत के अनुसार जल्द ही सभी को अस्पताल से छुट्टी दी जा सकती है। छात्रों को मेडिसीन HDU में भर्ती किए जाने पर उन्होंने स्पष्ट किया कि इसका मतलब उनकी हालत गंभीर होना नहीं है। उन्हें HDU में इसलिए रखा गया है ताकि उनसे मिलने आने वाले लोगों की आवाजाही के कारण अस्पताल के अन्य मरीजों को परेशानी न हो।
अस्पताल प्रशासन के मुताबिक विधानसभा मार्च के दौरान लाठीचार्ज में दो छात्र घायल हुए थे, जबकि दो अन्य छात्रों की तबीयत आमरण अनशन के कारण बिगड़ी थी। चारों का फिलहाल इलाज जारी है। वहीं, छात्रों का आंदोलन 20वें दिन भी जारी है और प्रदर्शनकारी अपनी मांगों को लेकर आंदोलन पर डटे हुए हैं।