कर्णप्रयाग में सिख यात्रियों और स्थानीय लोगों के बीच विवाद के बाद बवाल, सड़क जाम; प्रशासन की पहल से हालात सामान्य
कर्णप्रयाग। कर्णप्रयाग में सिख यात्रियों और स्थानीय लोगों के बीच हुए विवाद के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई। घटना के दौरान एक स्थानीय व्यापारी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके बाद आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सुरजीत पंवार तत्काल मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। प्रशासनिक अधिकारियों ने दोनों पक्षों से वार्ता कर माहौल को शांत करने का प्रयास किया, जिसके बाद जाम खुलवाया गया और यातायात को पुनः सुचारू रूप से शुरू कराया गया।
जिला प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था तैनात की गई है और स्थिति पूरी तरह सामान्य बताई जा रही है।
अपडेट: कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच यात्रा पुनः सुचारू कर दी गई है। जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सुरजीत पंवार ने मौके पर मोर्चा संभालते हुए हालात को नियंत्रित किया। फिलहाल क्षेत्र में शांति बनी हुई है।