केविन पीटरसन की 12 साल बाद इंग्लैंड टीम में वापसी, बोर्ड ने सौंपी बड़ी जिम्मेदारी
हैदराबाद: इंग्लैंड के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज केविन पीटरसन की करीब 12 साल बाद इंग्लैंड टीम में वापसी हुई है। हालांकि, इस बार वह खिलाड़ी के तौर पर नहीं बल्कि व्हाइट-बॉल टीम के स्पेशलिस्ट मेंटर की भूमिका में नजर आएंगे। इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड ने उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी है।
पीटरसन की नई भूमिका सितंबर के आखिर में श्रीलंका के खिलाफ होने वाली व्हाइट-बॉल सीरीज से शुरू होगी। वह टीम के साथ बतौर मेंटर काम करेंगे और खासतौर पर बल्लेबाजों को अपने अनुभव से मार्गदर्शन देंगे।
2014 के बाद पहली बार पहनेंगे इंग्लैंड की जर्सी
अपनी नियुक्ति पर पीटरसन ने कहा कि इंग्लैंड टीम के साथ दोबारा जुड़ना उनके लिए बेहद गर्व और सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि 2014 के बाद पहली बार इंग्लैंड की जर्सी पहनना उनके लिए खास पल होगा।
पीटरसन ने इंग्लैंड की मौजूदा व्हाइट-बॉल टीम को प्रतिभाशाली बताते हुए खिलाड़ियों की क्षमता को निखारने में योगदान देने की इच्छा जताई। वह अगले 12 महीनों तक ब्रेंडन मैकुलम के नेतृत्व वाले टीम थिंक टैंक का हिस्सा रहेंगे।
मैकुलम ने भी किया फैसले का स्वागत
इंग्लैंड की व्हाइट-बॉल टीम के हेड कोच ब्रेंडन मैकुलम ने भी पीटरसन के टीम से जुड़ने का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि पीटरसन का अनुभव, ज्ञान और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनका कद टीम के लिए बेहद फायदेमंद साबित होगा।
मैकुलम ने खास तौर पर इंग्लैंड के बल्लेबाजों के लिए पीटरसन के साथ काम करने को महत्वपूर्ण बताया। उनके मुताबिक, पीटरसन को शीर्ष स्तर पर प्रदर्शन करने की गहरी समझ है, जिसका फायदा मौजूदा खिलाड़ियों को मिल सकता है।
ऐसा रहा पीटरसन का शानदार करियर
केविन पीटरसन इंग्लैंड के सबसे सफल बल्लेबाजों में शुमार रहे हैं। उन्होंने इंग्लैंड के लिए 104 टेस्ट, 136 वनडे और 37 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले।
- टेस्ट: 8,181 रन, 23 शतक और 35 अर्धशतक
- वनडे: 4,440 रन, 9 शतक और 25 अर्धशतक
- टी20 इंटरनेशनल: 1,176 रन
पीटरसन ने 2005 की ऐतिहासिक एशेज सीरीज में इंग्लैंड की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। उनका आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला जनवरी 2014 में एशेज सीरीज के दौरान खेला गया था। अब 12 साल बाद उनकी इंग्लैंड टीम में वापसी एक नए रोल के साथ हुई है।