भारी बारिश के बाद पहाड़ों पर लैंडस्लाइड, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज की कार पर गिरा पत्थर, बड़ा हादसा टला
पौड़ी/मसूरी। उत्तराखंड में शनिवार को हुई तेज बारिश ने जहां लोगों को भीषण गर्मी से राहत दी, वहीं कई क्षेत्रों में जनजीवन भी प्रभावित कर दिया। बारिश के बाद पहाड़ी क्षेत्रों में जगह-जगह लैंडस्लाइड और मलबा आने की घटनाएं सामने आई हैं। इस दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग-534 पर एक बड़ा हादसा टल गया, जब कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज के वाहन पर अचानक पहाड़ी से पत्थर गिर गया।
जानकारी के अनुसार सतपुली-कोटद्वार मार्ग पर यात्रा के दौरान मंत्री के वाहन पर पत्थर गिरने से गाड़ी का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया। वाहन में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज के साथ उनकी पत्नी एवं पूर्व मंत्री अमृता रावत भी मौजूद थीं। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी को कोई चोट नहीं आई और सभी सुरक्षित हैं।
बारिश के बाद पौड़ी-श्रीनगर मोटर मार्ग पर कई स्थानों पर मलबा और पत्थर सड़क पर आ गए, जिससे यातायात कुछ समय के लिए बाधित रहा। सड़क बंद होने के कारण यात्रियों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
वहीं मसूरी में भी तेज बारिश के कारण कई सड़कों पर जलभराव की स्थिति देखने को मिली। अचानक बदले मौसम और बारिश ने नगर की व्यवस्थाओं की भी पोल खोल दी। कई क्षेत्रों में पानी सड़क पर बहता दिखाई दिया, जिससे स्थानीय लोगों और पर्यटकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी कई जिलों में बारिश, तेज हवाओं और आकाशीय बिजली की संभावना जताई है। ऐसे में प्रशासन ने लोगों से संवेदनशील क्षेत्रों में सावधानी बरतने और मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।