🚨 BREAKING NEWS
Advertisement
Advertise with us
Homeउत्तराखंडतुंगनाथ-चोपता में आकाशीय बिजली का कहर, ल...

तुंगनाथ-चोपता में आकाशीय बिजली का कहर, लखनऊ के दो सगे भाइयों की मौत; 3 पर्यटक घायल, 50 से अधिक का रेस्क्यू

P
By Pahadnews24
May 30, 2026 • 1 min read
तुंगनाथ-चोपता में आकाशीय बिजली का कहर, लखनऊ के दो सगे भाइयों की मौत; 3 पर्यटक घायल, 50 से अधिक का रेस्क्यू
तुंगनाथ-चोपता में आकाशीय बिजली का कहर, लखनऊ के दो सगे भाइयों की मौत; 3 पर्यटक घायल, 50 से अधिक का रेस्क्यू (Photo: Pahad News)

ऊखीमठ। उत्तराखंड के विश्व प्रसिद्ध तुंगनाथ-चोपता क्षेत्र में शुक्रवार शाम अचानक बदले मौसम ने बड़ा हादसा खड़ा कर दिया। तेज आंधी, बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की घटना में लखनऊ से आए दो सगे भाइयों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य पर्यटक घायल हो गए। वहीं खराब मौसम में फंसे 50 से अधिक पर्यटकों को प्रशासन और राहत एजेंसियों ने सुरक्षित बाहर निकाला।


 

जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार शुक्रवार शाम करीब 4:17 बजे तुंगनाथ-चोपता क्षेत्र में मौसम अचानक खराब हो गया। तेज बारिश, आंधी और बिजली गिरने के कारण ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौजूद कई पर्यटक खतरे में आ गए। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, डीडीआरएफ और 108 एंबुलेंस सेवा की टीमों को तत्काल मौके पर रवाना किया गया।


 

बताया गया कि राहत दलों के पहुंचने से पहले ही आकाशीय बिजली की चपेट में आने से उत्तर प्रदेश के लखनऊ निवासी 19 वर्षीय अभिनव वाजपेयी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उनके बड़े भाई 22 वर्षीय अभिषेक वाजपेयी ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।


 

हादसे में उन्नाव निवासी शुभम शुक्ला (25), आजन मिश्रा और नीव मिश्रा घायल हो गए। सभी घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ऊखीमठ में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।


 

ऊखीमठ थाना प्रभारी मनोज नेगी ने बताया कि खराब मौसम के बावजूद राहत एवं बचाव अभियान लगातार चलाया गया। प्रशासन, पुलिस और राहत एजेंसियों की संयुक्त टीमों ने क्षेत्र में फंसे 50 से अधिक पर्यटकों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया।


 

इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। प्रशासन ने मौसम खराब होने की स्थिति में ऊंचाई वाले क्षेत्रों की यात्रा करने वाले पर्यटकों से विशेष सावधानी बरतने और मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।


 

Pahad News 24 | उत्तराखंड की हर बड़ी खबर सबसे पहले


 

उत्तराखंड UTTARAKHAND