उत्तराखंड के 5 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, भारी बारिश-ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली की चेतावनी
देहरादून। उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में मौसम एक बार फिर बिगड़ने के आसार हैं। मौसम विज्ञान विभाग ने अगले तीन घंटों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए नैनीताल, अल्मोड़ा, चंपावत, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों में भारी बारिश, ओलावृष्टि, आकाशीय बिजली और तेज आंधी-तूफान की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के अनुसार यह अलर्ट सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक प्रभावी रहेगा। इस दौरान प्रभावित क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। साथ ही कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ भारी वर्षा और ओलावृष्टि होने की भी आशंका है।
विभाग ने आकाशीय बिजली गिरने के खतरे को देखते हुए लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। मौसम विभाग के मुताबिक मुक्तेश्वर, जागेश्वर धाम, लोहाघाट, भीमताल, गंगोलीहाट, बेरीनाग और आसपास के क्षेत्रों में मौसम का असर अधिक देखने को मिल सकता है।
खराब मौसम के चलते इन इलाकों में दृश्यता कम होने, सड़क यातायात प्रभावित होने तथा अचानक मौसम बदलने की संभावना जताई गई है। प्रशासन ने स्थानीय लोगों, पर्यटकों और यात्रियों से अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।
इसके अलावा लोगों को खुले मैदानों, ऊंचे पेड़ों और बिजली के खंभों के आसपास खड़े न होने की हिदायत दी गई है। पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों को भूस्खलन संभावित इलाकों में विशेष सावधानी बरतने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।