🚨 BREAKING NEWS
Advertisement

🎯 Advertise Here!

Click to partner with us and reach our growing Uttarakhand audience.

Homeउत्तराखंडराहुल गांधी ने दिल्ली में अंकिता भंडारी...

राहुल गांधी ने दिल्ली में अंकिता भंडारी के माता-पिता से की मुलाकात, 45 मिनट तक अकेले में की बातचीत; BJP पर साधा निशाना

P
By Pahadnews24
August 16, 2026 • 1 min read
राहुल गांधी ने दिल्ली में अंकिता भंडारी के माता-पिता से की मुलाकात, 45 मिनट तक अकेले में की बातचीत; BJP पर साधा निशाना
राहुल गांधी ने दिल्ली में अंकिता भंडारी के माता-पिता से की मुलाकात, 45 मिनट तक अकेले में की बातचीत; BJP पर साधा निशाना (Photo: Pahad News)

देहरादून: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अंकिता भंडारी के माता-पिता से दिल्ली में मुलाकात की। यह मुलाकात दो दिन पहले हुई थी, जिसकी जानकारी राहुल गांधी और कांग्रेस ने 15 अगस्त को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिए साझा की। राहुल गांधी ने कहा कि अंकिता भंडारी के परिवार को चार साल बाद भी न्याय का इंतजार है और उन्होंने परिवार को हरसंभव कानूनी मदद का भरोसा दिया।

राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा कि वह दो दिन पहले अंकिता भंडारी के परिवार से मिले। उन्होंने अंकिता की हत्या के मामले में कथित तौर पर प्रभावशाली लोगों को संरक्षण दिए जाने का आरोप लगाते हुए बीजेपी और आरएसएस पर निशाना साधा। राहुल गांधी ने कहा कि 19 वर्षीय अंकिता वनंतरा रिजॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट थीं और कथित तौर पर एक ‘VIP’ मेहमान की मांग का विरोध करने के बाद उनकी हत्या कर दी गई। उन्होंने रिजॉर्ट में अंकिता के कमरे को जांच से पहले ध्वस्त किए जाने पर भी सवाल उठाया।

 

राहुल गांधी ने कहा कि महिलाओं को सम्मान, सुरक्षा, समानता और न्याय तभी मिल सकता है जब उनके खिलाफ होने वाले अपराधों के प्रति राजनीतिक संरक्षण की मानसिकता खत्म हो। वहीं उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के मुताबिक, राहुल गांधी ने अंकिता के माता-पिता से करीब 45 मिनट तक अकेले में बातचीत की। इस दौरान कांग्रेस के अन्य नेता बाहर मौजूद रहे।

 

जून में फोन पर हुई थी राहुल गांधी से बात

अंकिता भंडारी के माता-पिता की राहुल गांधी से मुलाकात का सिलसिला जून 2026 में शुरू हुआ था। राहुल गांधी 6 जून को उत्तराखंड दौरे पर आए थे और उनका पौड़ी गढ़वाल जाने का कार्यक्रम था, जहां अंकिता के माता-पिता से मुलाकात प्रस्तावित थी। खराब मौसम के कारण उनका हेलीकॉप्टर उड़ान नहीं भर सका और वह पौड़ी नहीं पहुंच पाए। इसके बाद गणेश गोदियाल ने फोन पर अंकिता के माता-पिता की राहुल गांधी से बातचीत कराई थी। इसी दौरान राहुल गांधी ने उन्हें दिल्ली आकर मिलने का भरोसा दिया था।

 

क्या है अंकिता भंडारी हत्याकांड?

पौड़ी गढ़वाल के डोभ (श्रीकोट) गांव की रहने वाली अंकिता भंडारी यमकेश्वर क्षेत्र के वनंतरा रिजॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट थीं। सितंबर 2022 में उनकी हत्या कर दी गई थी। मामले में रिजॉर्ट मालिक पुलकित आर्या और उसके दो कर्मचारियों अंकित गुप्ता तथा सौरभ भास्कर को गिरफ्तार किया गया था। जांच के बाद मामला अदालत पहुंचा और तीनों को अंकिता की हत्या का दोषी ठहराया गया।

 

अंकिता का शव 23 सितंबर 2022 को चीला नहर से बरामद हुआ था। इसके बाद यह मामला उत्तराखंड की राजनीति में लगातार चर्चा का विषय बना रहा। हाल के दिनों में सामने आए एक कथित ऑडियो में भी अंकिता हत्याकांड का जिक्र होने के बाद मामला दोबारा सुर्खियों में आया है। कांग्रेस लगातार इस मामले में किसी प्रभावशाली व्यक्ति की कथित भूमिका की जांच की मांग करती रही है। मामले से जुड़े नए आरोपों और कथित ऑडियो की जांच को लेकर राजनीतिक बहस भी तेज हुई है।


 

उत्तराखंड UTTARAKHAND