रुद्रपुर में दबंगों का आतंक: फायरिंग कर लहराए हथियार, लोगों को दी जान से मारने की धमकी
रुद्रपुर। ऊधमसिंह नगर के रुद्रपुर स्थित ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में दबंग युवकों के आतंक से स्थानीय लोग दहशत में हैं। शनिवार देर रात बाइक और स्कूटी पर सवार करीब आधा दर्जन युवकों ने शिवनगर वार्ड नंबर 9 में हवाई फायरिंग कर हथियार लहराए तथा कई घरों पर ईंट-पत्थर बरसाते हुए लोगों को जान से मारने की धमकी दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी युवक तमंचों और धारदार हथियारों से लैस होकर मोहल्ले में पहुंचे और एक घर के बाहर हवाई फायरिंग की। इसके बाद उन्होंने घर और दुकान के शटर पर धारदार हथियारों से हमला करते हुए गाली-गलौज और धमकियां दीं। घटना के दौरान मोहल्ले के लोग एकत्रित होने लगे तो आरोपी वहां से फरार हो गए, लेकिन कुछ समय बाद दोबारा लौटकर फिर से लोगों को डराने-धमकाने लगे।
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि उक्त युवक लंबे समय से क्षेत्र में उत्पात मचा रहे हैं। वे आए दिन हथियारों के साथ मोहल्ले में घूमते हैं, लोगों को धमकाते हैं और महिलाओं से छेड़छाड़ जैसी घटनाओं को भी अंजाम देते हैं। लोगों का कहना है कि महिलाओं का शाम के बाद घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है।
मोहल्लेवासियों के मुताबिक आरोपियों ने एक महिला को धमकी देते हुए कहा कि उसके बेटे के पास केवल पांच दिन का समय बचा है, जिसके बाद उसे जान से मार दिया जाएगा। बताया जा रहा है कि आरोपी लगातार कई दिनों से क्षेत्र में आकर लोगों को धमका रहे हैं।
घटना की सूचना मिलने पर ट्रांजिट कैंप कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक सभी आरोपी फरार हो चुके थे। पुलिस ने उनकी तलाश की, हालांकि देर रात तक किसी गिरफ्तारी की सूचना नहीं मिली।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि इस संबंध में पहले भी कई बार पुलिस और वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। इससे क्षेत्रवासियों में भय का माहौल है और पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।